नई दिल्ली, 24 नवंबर (khabarwala24)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने धर्मेंद्र के निधन को भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति बताया। बता दें कि ही-मैन के नाम से मशहूर धर्मेंद्र का निधन 89 साल की उम्र में हो गया। उनका अंतिम संस्कार विले पार्ले श्मशान घाट में किया गया। इस दौरान उनके परिवार समेत अमिताभ बच्चन, आमिर खान, सलमान खान जैसे अभिनेता मौजूद रहे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ” जाने-माने एक्टर और पूर्व सांसद धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। सबसे पॉपुलर एक्टर्स में से एक, उन्होंने अपने दशकों लंबे शानदार करियर में कई यादगार परफॉर्मेंस दीं। भारतीय सिनेमा की एक बड़ी हस्ती के तौर पर, वह अपने पीछे एक ऐसी विरासत छोड़ गए हैं जो कलाकारों की नई पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उनके परिवार, दोस्तों और चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा,”मशहूर हिंदी फिल्म एक्टर और पूर्व सांसद धर्मेंद्र के निधन से बहुत दुख हुआ। उन्होंने अपने बेमिसाल चार्म और ईमानदारी से कई यादगार किरदारों में जान डाल दी। भारतीय सिनेमा में उनका शानदार योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनके दुखी परिवार और अनगिनत चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताते हुए एक्स पोस्ट पर लिखा, ”अपने बेहतरीन अभिनय से 6 दशकों तक हर देशवासी के दिल को छूने वाले धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। एक सामान्य परिवार से आकर उन्होंने फिल्म जगत में अपनी अमिट पहचान बनाई। धर्मेंद्र जी उन चुनिंदा अभिनेताओं में से एक रहे, जिन्होंने जिस किरदार को छुआ, वह जीवंत हो उठा और अपनी इसी कला के माध्यम से उन्होंने हर आयु-वर्ग के करोड़ों दर्शकों का दिल जीता। अपने अभिनय से वे सदैव हमारे बीच रहेंगे। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों व प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।”
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”धर्मेंद्र देओल के निधन से भारतीय सिनेमा ने अपना एक अमिट, स्नेही और दिलों में बसने वाला सितारा खो दिया। उनका जाना केवल एक अभिनेता का जाना नहीं, बल्कि उस युग का अंत है जिसने पर्दे पर सादगी, भावनाओं और अपनेपन को नई पहचान दी। उनके किरदारों ने हमें हंसाया भी, रुलाया भी और कभी-कभी भीतर तक झकझोर दिया। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति और उनके परिवार एवं प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।”
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


