नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (khabarwala24)। दिल्ली सरकार ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को खास और यादगार बनाने के लिए ‘सरदार @ 150’ नाम से एक बड़ा अभियान शुरू करने की घोषणा की है। इस अभियान का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय एकता, स्वच्छता, नशामुक्त जीवन और आत्मनिर्भर भारत का संदेश फैलाना है। यह कार्यक्रम पूरे अक्टूबर और नवंबर महीने तक चलेगा।
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने मंगलवार को इस अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। सूद ने कहा कि सरदार पटेल ने जिस भारत को एकजुट करने का सपना देखा था, उसी भावना को यह अभियान आगे बढ़ाएगा।
इस ऐतिहासिक पहल के तहत दिल्ली के 150 छात्र एक खास यात्रा करेंगे। ये छात्र यमुना नदी से जल लेकर देश की 25 प्रमुख नदियों तक जाएंगे, जिनमें जम्मू-कश्मीर की झेलम से लेकर हैदराबाद की मूसी नदी तक शामिल हैं। यह यात्रा राष्ट्रीय एकता का प्रतीक होगी। इन सभी नदियों का पवित्र जल बाद में दिल्ली लाया जाएगा, जहां पटेल चौक पर स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर इसका अभिषेक किया जाएगा। इसी दौरान सभी लोग राष्ट्रीय एकता का जल संकल्प लेंगे।
31 अक्टूबर, सरदार पटेल जयंती के दिन, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता स्वयं इस जल से प्रतिमा का जलाभिषेक करेंगी। उसी दिन राजधानी में एक राज्य स्तरीय एकता पदयात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा पटेल चौक से नेशनल वॉर मेमोरियल तक जाएगी। इसमें लगभग 5,000 लोग शामिल होंगे, जिनमें एनएसएस, एनसीसी, एमवाई भारत के स्वयंसेवक, शिक्षक, छात्र और आम नागरिक भाग लेंगे।
इसके अलावा, 1 से 25 नवंबर तक दिल्ली के 10 जिलों में 150 किलोमीटर लंबी पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। इन यात्राओं का नेतृत्व सांसद, मंत्री, विधायक और समाज के प्रमुख लोग करेंगे। 1 नवंबर को जब दिल्ली सहित नौ राज्यों का स्थापना दिवस मनाया जाएगा, तब लाल किले पर ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत-आत्मनिर्भर भारत’ विषय पर एक शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रोजेक्शन मैपिंग शो भी आयोजित किया जाएगा।
साथ ही, दिल्ली के 15 जिलों में ‘माई भारत’ संस्था के सहयोग से पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता भी होगी। हर जिले से चुने गए 10 बच्चों को गुजरात स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की यात्रा कराई जाएगी।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


