नई दिल्ली, 19 फरवरी (khabarwala24)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को हेलेनिक रिपब्लिक (ग्रीस) के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोटाकिस से मुलाकात की। ग्रीस के प्रधानमंत्री नई दिल्ली में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट, 2026 में हिस्सा लेने के लिए 18 से 19 फरवरी 2026 तक भारत में हैं। मित्सोटाकिस के साथ डिजिटल गवर्नेंस मंत्री दिमित्रियोस पापास्टरगियो और वरिष्ठ अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी था।
विदेश मंत्रालय ने इस मुलाकात को लेकर एक बयान जारी किया। बताया कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा की और कहा कि यह साझेदारी अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही है। उन्होंने क्षेत्रीय और ग्लोबल मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने के अलावा, नए क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के तरीके पर भी चर्चा की। दोनों नेताओं ने हाल की कनेक्टिविटी पहलों और आईएमईसी के तहत उन्हें और बढ़ाने की क्षमता की सराहना की।
दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि हाल ही में हुए हाई लेवल दौरों ने स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को एक नई गति दी है और हाल ही में हुए भारत-ईयू एफटीए से दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश के नए रास्ते खुलेंगे।
मित्सोताकिस की ये दूसरी भारत यात्रा है। इससे पहले उन्होंने फरवरी 2024 में भारत का राजकीय दौरा किया था, जो 15 साल बाद ग्रीस के किसी सरकार के प्रमुख का भारत का पहला दौरा था। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 अगस्त 2023 को एथेंस का दौरा किया था, जब द्विपक्षीय संबंधों को स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप तक बढ़ाया गया था।
इससे पहले एमईए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए इस मुलाकात की अहमियत पर प्रकाश डाला। बताया कि दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी को लेकर गहन विचार विमर्श हुआ वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने ग्रीस के पीएम को आतंकवाद के मुद्दे पर भारत का समर्थन करने के लिए आभार जताया।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


