इस्लामाबाद, 16 मार्च (khabarwala24)। पाकिस्तान के पूर्वी पंजाब प्रांत के रहीम यार खान जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में आठ महिलाओं की मौत हो गई। कल्याणकारी भुगतान के वितरण के दौरान एक इमारत की छत गिरने से महिलाओं की दबकर मौत हो गई। हादसे में 50 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, छत कथित तौर पर घटिया सामग्री से बनाई गई थी। भारी भीड़ का वजन सहन नहीं कर सकी और अचानक गिर गई, जिससे कई महिलाएं मलबे के नीचे फंस गईं।
दुनिया न्यूज चैनल के अनुसार, “सोमवार को शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक ‘बेनजीर इनकम सपोर्ट सेंटर’ की छत गिरने से कम से कम आठ महिलाओं की मौत हो गई और 50 अन्य घायल हो गए। बचाव अधिकारियों के अनुसार, यह घटना ‘चक नंबर 125’ के पास हुई, जहां 200 से ज्यादा महिलाएं ‘बेनजीर इनकम सपोर्ट प्रोग्राम’ के तहत अपनी किस्तें लेने के लिए जमा हुई थीं। रिटेलर की दुकान की कमजोर छत अचानक ढह गई, जिससे कई महिलाएं मलबे के नीचे दब गईं।”
घायलों को शेख ज़ायेद अस्पताल ले जाया गया, जहां पांच महिलाओं को मृत घोषित किया गया। जिला प्रशासन ने अस्पताल में आपात स्थिति घोषित कर दी है और घटना की जांच जारी है।
डिप्टी कमिश्नर जाहिर अनवर जप्पा ने कहा कि यह हादसा तब हुआ, जब 200 से अधिक महिलाएं इमारत की पहली मंजिल पर बेनजीर इनकम सपोर्ट प्रोग्राम के तहत भुगतान लेने के लिए इकट्ठा हुई थीं।
एक अन्य चश्मदीद ने दावा किया कि सात महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई और भगदड़ में दर्जनों अन्य घायल हो गए, लेकिन अधिकारियों ने इस दावे की पुष्टि नहीं की।
एक्सप्रेस ट्रिब्यून के अनुसार, दो साल पहले, सिंध इंडस्ट्रियल एंड ट्रेडिंग एस्टेट के नॉरिस चौरंगी के पास जकात वितरण के दौरान हुई भगदड़ में कम से कम 12 लोग, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल थे, मारे गए थे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


