अबू धाबी, 18 मार्च (khabarwala24)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि देश की वायु रक्षा प्रणाली ने बुधवार को ईरान से दागी गई 13 बैलिस्टिक मिसाइलों और 27 यूएवी (ड्रोन) को निष्क्रिय किया।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, “स्पष्ट ईरानी आक्रामकता की शुरुआत से अब तक यूएई की वायु रक्षा ने 327 बैलिस्टिक मिसाइलों, 15 क्रूज मिसाइलों और 1,699 यूएवी को रोका है। इन हमलों में राष्ट्रीय कर्तव्य निभाते हुए सशस्त्र बलों के दो जवान शहीद हो गए। साथ ही पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश और फिलिस्तीन के छह नागरिकों की भी मौत हुई है।”
बयान में आगे कहा गया, “कुल 158 लोग घायल हुए हैं, जिनमें मामूली, मध्यम और गंभीर चोटें शामिल हैं। घायलों में यूएई, मिस्र, सूडान, इथियोपिया, फिलीपींस, पाकिस्तान, ईरान, भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका, अजरबैजान, यमन, युगांडा, इरिट्रिया, लेबनान, अफगानिस्तान, बहरीन, कोमोरोस, तुर्की, इराक, नेपाल, नाइजीरिया, ओमान, जॉर्डन, फिलिस्तीन, घाना, इंडोनेशिया, स्वीडन और ट्यूनीशिया के नागरिक शामिल हैं।”
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने यह भी कहा कि वह किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि वह देश की सुरक्षा को कमजोर करने के किसी भी प्रयास का कड़ा जवाब देगा और अपनी संप्रभुता, सुरक्षा, स्थिरता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा करेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बातचीत की और देश पर हुए हमलों की कड़ी निंदा दोहराई, जिनमें निर्दोष लोगों की जान गई और नागरिक ढांचे को नुकसान पहुंचा।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा के दौरान पीएम मोदी और यूएई के राष्ट्रपति ने होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से सुरक्षित और निर्बाध नौवहन सुनिश्चित करने के महत्व पर सहमति जताई।
पीएम मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि दोनों देश क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता की बहाली के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “अपने भाई यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की और उन्हें अग्रिम ईद की शुभकामनाएं दीं। हमने पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। यूएई पर हुए सभी हमलों की कड़ी निंदा दोहराई, जिनमें निर्दोष लोगों की जान गई और नागरिक ढांचे को नुकसान पहुंचा। हमने होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से सुरक्षित और निर्बाध नौवहन सुनिश्चित करने के महत्व पर सहमति जताई। हम क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।”
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


