नई दिल्ली, 20 फरवरी (khabarwala24)। भारत ने शुक्रवार को कहा कि वह बांग्लादेश में तारिक रहमान के नेतृत्व में नई सरकार के गठन के बाद दोनों देशों के बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने को लेकर आशान्वित है तथा सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में कहा, “बांग्लादेश में चुनाव संपन्न होने के बाद हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान को बधाई दी थी। 17 फरवरी को शपथ ग्रहण समारोह के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भारत सरकार का प्रतिनिधित्व किया और उन्होंने हमारे प्रधानमंत्री का पत्र बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को सौंपा।”
उन्होंने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की। जायसवाल ने कहा, “दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक और गर्मजोशी भरे संबंधों को आगे बढ़ाते हुए हम बांग्लादेश के साथ अपने बहुआयामी रिश्तों को और सुदृढ़ करने की अपेक्षा रखते हैं। हम नई सरकार के साथ जुड़कर संबंधों को आगे ले जाने के इच्छुक हैं। वीजा सहित हमारे द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर नई सरकार के साथ चर्चा की जाएगी।”
इस सप्ताह की शुरुआत में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ढाका में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “ढाका में प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर खुशी हुई। भारत, बांग्लादेश को एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी राष्ट्र के निर्माण में हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार है।”
बैठक के दौरान बिरला ने तारिक रहमान को पदभार संभालने पर शुभकामनाएं दीं और भारत आने का निमंत्रण भी दिया। दोनों नेताओं ने भारत और बांग्लादेश की जनता के कल्याण के लिए मिलकर काम करने पर आशावाद जताया।
भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हमीदुल्लाह ने भी एक्स पर साझा बयान में बताया कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने जन-केंद्रित सहयोग एजेंडा के तहत मिलकर आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता जताई।
बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान ने हाल ही में हुए 13वें संसदीय चुनाव में अपनी पार्टी की निर्णायक जीत के बाद बांग्लादेश के 11वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


