बीजिंग, 16 फरवरी (khabarwala24)। चीन का सबसे महत्वपूर्ण पारंपरिक त्योहार वसंतोत्सव मंगलवार को मनाया जाएगा। इससे पहले सोमवार की रात को यानी कि वसंतोत्सव की पूर्व संध्या पर, पेइचिंग समयानुसार रात 8 बजे (भारतीय समयानुसार शाम साढ़े 5 बजे), चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) द्वारा वर्ष 2026 ‘स्प्रिंग फेस्टिवल गाला’ प्रस्तुत किया गया।
यह कार्यक्रम चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) के अधीनस्थ चाइना ग्लोबल टेलीविजन नेटवर्क (सीजीटीएन) के अंग्रेजी, स्पेनिश, फ्रेंच, अरबी, रूसी सहित 85 भाषाओं के टेलीविजन और डिजिटल प्लेटफार्मों के माध्यम से 200 से अधिक देशों और क्षेत्रों के 3,300 से अधिक मीडिया संस्थानों के सहयोग से वैश्विक दर्शकों तक प्रसारित किया गया।
चीनी पारंपरिक चंद्र कैलेंडर बारह राशियों पर आधारित है। वर्ष 2026 चीनी चंद्र कैलेंडर के अनुसार अश्व वर्ष है। चीनी संस्कृति में घोड़ा आत्म-सुधार और दृढ़ संकल्प का प्रतीक माना जाता है। इस वर्ष के गाला का विषय ‘दौड़ता अश्व, अविराम गति’ है, जो लोगों को अपने सपनों की ओर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित करता है।
इस कार्यक्रम में आधुनिक तकनीक के माध्यम से दृश्य चमत्कार प्रस्तुत किए गए और विभिन्न देशों के कलाकारों ने संगीत और नृत्य के माध्यम से वैश्विक एकता और नव वर्ष के स्वागत का संदेश दिया।
बता दें कि ‘स्प्रिंग फेस्टिवल गाला’ चीन का सबसे प्रसिद्ध टेलीविजन सांस्कृतिक कार्यक्रम है। वर्ष 1983 से हर वसंतोत्सव की पूर्व संध्या पर चाइना मीडिया ग्रुप इसका सीधा प्रसारण करता आ रहा है। वसंतोत्सव के पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ-साथ गाला देखना दुनिया भर के चीनी परिवारों के लिए एक अभिन्न अंग बन गया है।
गौरतलब है कि दिसंबर 2024 में, वसंतोत्सव को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल किया गया था। वर्तमान में, लगभग 20 देशों और क्षेत्रों में वसंतोत्सव को सार्वजनिक अवकाश के रूप में मान्यता प्राप्त है और दुनिया की लगभग 20 फीसदी आबादी इसे विभिन्न रूपों में मनाती है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


