Khabarwala24 Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में पूरे देश को हिला देने वाले सौरभ राजपूत मर्डर केस में नया ट्विस्ट आ गया है। हत्या की मुख्य आरोपी और सौरभ की पत्नी मुस्कान रस्तोगी को रविवार देर रात अचानक तेज पेट दर्द हुआ। जेल प्रशासन ने फौरन उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज के गायनी वार्ड में भर्ती कराया। डॉक्टरों का कहना है कि मुस्कान की प्रेग्नेंसी फुल टर्म हो चुकी है और आज कभी भी डिलीवरी हो सकती है।
पांच डॉक्टरों की टीम कर रही इलाज, नॉर्मल डिलीवरी की कोशिश (Meerut News)
मेडिकल कॉलेज में गायनी विभाग की एचओडी डॉ. शगुन खुद मुस्कान का केस देख रही हैं। उनके साथ चार और डॉक्टरों की टीम लगी हुई है। डॉ. शगुन ने बताया कि मुस्कान का पहला बच्चा नॉर्मल हुआ था, इसलिए इस बार भी नॉर्मल डिलीवरी कराने की पूरी कोशिश की जा रही है। अभी मुस्कान में फ्लूइड की कमी है, जिसकी वजह से थोड़ा कंप्लीकेशन हो सकता है, लेकिन स्थिति कंट्रोल में है।
बच्चा किसका? सौरभ परिवार बोला – पहले DNA टेस्ट होगा (Meerut News)
सौरभ राजपूत के परिवार ने साफ कह दिया है कि जैसे ही बच्चा पैदा होगा, सबसे पहले उसका DNA टेस्ट कराया जाएगा। अगर बच्चा सौरभ का निकला तो वे उसे अपनाएंगे, वरना उस बच्चे से उन्हें कोई मतलब नहीं। परिवार का गुस्सा अभी भी बरकरार है क्योंकि मुस्कान ने ही अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर सौरभ की बेरहमी से हत्या की थी।
जेल में अकेली पड़ी मुस्कान, कोई मिलने नहीं आया (Meerut News)
19 मार्च 2025 से मुस्कान मेरठ जिला जेल में बंद है। जेल सूत्रों के मुताबिक अब तक उससे मिलने एक भी रिश्तेदार नहीं आया। उसका अपना परिवार भी उससे पूरी तरह किनारा कर चुका है। दूसरी तरफ मुस्कान का बॉयफ्रेंड और हत्या का साथी साहिल शुक्ला उर्फ मोहित भी उसी जेल में बंद है। साहिल जेल में खेती का काम कर रहा है और उसके बाल भी कट चुके हैं। उससे मिलने उसकी नानी और भाई आते रहते हैं।
3 मार्च की रात हुआ था खौफनाक मर्डर (Meerut News)
लंदन से मर्चेंट नेवी की नौकरी छोड़कर लौटे सौरभ कुमार राजपूत की 3 मार्च 2025 की रात को उनके ब्रह्मपुरी स्थित घर में हत्या कर दी गई। मुस्कान ने पहले खाने में नशीली दवा मिलाई, फिर जब सौरभ सो रहे थे तो उनके सीने में खुद चाकू घोंपा। इसके बाद साहिल ने लाश के दोनों हाथ और सिर काटकर धड़ से अलग कर दिया। तीन टुकड़ों को नीले प्लास्टिक के ड्रम में भरकर सीमेंट-बालू का घोल डालकर सील कर दिया।
हत्या के बाद मुस्कान शिमला-मनाली घूमने निकल गई और 13 दिन तक इंस्टाग्राम पर फोटो-वीडियो डालती रही ताकि कोई शक न करे। लेकिन 17 मार्च को जब सौरभ का छोटा भाई राहुल घर पहुंचा तो बदबू आने लगी। पड़ोसियों ने शोर मचाया और पुलिस ने ड्रम खोलकर लाश बरामद की। दोनों ने पुलिस कस्टडी में पूरा कबूलनामा कर दिया।
कोर्ट में तेजी से चल रहा ट्रायल (Meerut News)
पुलिस ने जल्दी चार्जशीट दाखिल कर दी थी। अब मेरठ के जिला जज कोर्ट में रोजाना सुनवाई हो रही है। अभी तक 13 गवाहों की गवाही हो चुकी है। दोनों आरोपी जेल में हैं और केस तेजी से आगे बढ़ रहा है।
यह केस पूरे उत्तर प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक तरफ प्यार में अंधी पत्नी ने पति को मौत दे दी, दूसरी तरफ अब वही औरत जेल में बच्चे को जन्म देने वाली है। आने वाला वक्त बताएगा कि यह बच्चा सौरभ का वारिस बनेगा या सिर्फ एक सवाल बनकर रह जाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


