Khabarwala 24 News Hapur: उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ (Hapur) जिले के हाफिजपुर थाना क्षेत्र में सोना पेट्रोल पंप के पास चितौली अंडरपास के ऊपर हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। ईटों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से आ रहे बल्लियों से लदे कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसके कारण ट्राली पर सो रहे तीन लोग और कैंटर का चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से हाईवे पर यातायात बाधित हो गया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित किया।
क्या है पूरा मामला (Hapur)
मंगलवार सुबह चितौली अंडरपास के पास ईटों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली हाईवे पर जा रही थी, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे बल्लियों से लदे कैंटर ने ट्राली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राली पर सो रहे तीन लोग ग्राम असरपुर फैजगंज, जनपद अमरोहा निवासी शानेआलम, नाजीर, और रिहान ईटों के साथ नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। कैंटर का चालक, बबलू (जसपुर, उत्तराखंड), भी इस हादसे में घायल हो गया। टक्कर से कैंटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, और ट्राली की ईटें हाईवे पर बिखर गईं, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई (Hapur)
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और हाफिजपुर थाना पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी मनीष चौहान अपनी टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कैंटर में फंसे चालक को बड़ी मुश्किल से निकाला और सभी घायलों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू किया।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
हाफिजपुर थाना प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर प्राप्त होने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


