Khabarwala 24 News Hapur: कोतवाली हापुड़ नगर क्षेत्र के दस्तोई रोड स्थित आदर्श नगर कॉलोनी के पास मोबाइल चोरी के शक में एक युवक के साथ की गई अमानवीय मारपीट का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। आरोप है कि कुछ युवकों ने पीड़ित को उसके घर से किसी बहाने बुलाया और फिर उसे खेतों में ले जाकर बेरहमी से पीटा। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
क्या है पूरा मामला (Hapur)
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पीड़ित युवक को जबरन ‘मुर्गा’ बनाया गया। इसके बाद उसकी पीठ पर ईंट रखकर लाठी-डंडों से लगातार प्रहार किए गए। मारपीट के दौरान आरोपी युवक को करंट देने की धमकी भी देते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में पीड़ित की दर्दनाक चीखें और आरोपियों की क्रूरता साफ झलक रही है, जिसने देखने वालों को भी झकझोर कर रख दिया है।
कानून को खुद हाथ में लिया (Hapur)
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने मोबाइल चोरी के शक में खुद ही कानून हाथ में ले लिया और किसी प्रकार की पुष्टि या पुलिस में शिकायत किए बिना युवक को सरेआम सजा देने लगे। हैरानी की बात यह है कि पूरी घटना को आरोपियों ने खुद ही मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया और बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पुलिस ने जांच की शुरू (Hapur)
वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया है। नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित युवक और आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आरोपियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई (Hapur)
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून को अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


