Khabarwala 24 News Hapur:(साहिल अंसारी) यूपी के जनपद हापुड़ (Hapur)में प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत बनाने का सिलसिला तेज हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पूरे प्रदेश में गली-मोहल्लों, बाजारों और गांवों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मेरठ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुंवर ज्ञानंजय सिंह सोमवार को बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बछलौता पहुंचे। यहां खेतों में काम कर रही महिलाओं से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और तत्काल समाधान का आश्वासन दिया। यह अभियान महिलाओं में आत्मविश्वास जगाने और उन्हें सशक्त बनाने पर केंद्रित है।
खेतों में एसपी की उपस्थिति से महिलाओं में उत्साह (Hapur)
ग्राम बछलौता के खेतों में पहुंचे एसपी को देखते ही काम कर रही महिलाएं खुशी से झूम उठीं। एसपी ने महिलाओं से उनकी दैनिक चुनौतियों पर विस्तृत बातचीत की। कई महिलाओं ने घरेलू हिंसा और अन्य पारिवारिक समस्याओं का जिक्र किया। एसपी ने तुरंत बाबूगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह को निर्देश दिए कि इन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटारा किया जाए। महिलाओं को मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा केंद्र, एंटी-रोमियो स्क्वायड, यूपी-112, वूमेन पावर लाइन 1090, साइबर अपराध रोकथाम और आत्मरक्षा तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। पंपलेट बांटकर उन्हें हेल्पलाइन नंबर्स और योजनाओं से जोड़ा गया।

महिलाओं का स्वावलंबन: स्किल ट्रेनिंग पर फोकस (Hapur)
एसपी ने बताया कि खेतों में काम करने वाली कई कम पढ़ी-लिखी युवतियां स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ने को तैयार हैं। इनके लिए स्किल डेवलपमेंट योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी से बात हुई है। डीएम ने आश्वासन दिया कि एक विशेष योजना तैयार कर ऐसी युवतियों को ट्रेनिंग और रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। एसपी ने जोर देकर कहा, “मुख्यमंत्री के संकल्प के तहत मिशन शक्ति को जन-जन तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। खेतों, खलिहानों, फैक्टरियों और कारखानों में काम करने वाली महिलाओं तक यह संदेश पहुंचाना जरूरी है।”

योजनाओं का दिलाया जाएगा लाभ (Hapur)
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए समर्पित है। स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी के नेतृत्व में सभी विभागों (श्रम, समाज कल्याण, उज्ज्वला आदि) के अधिकारियों की संयुक्त बैठक हो रही है। इसमें पात्र महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर चर्चा होगी। साथ ही, जागरूकता अभियान के जरिए महिलाओं के सम्मान की रक्षा सुनिश्चित की जाएगी। एसपी ने अपील की कि कोई भी महिला अपनी समस्या छिपाए नहीं, पुलिस हमेशा साथ है।


Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

