Khabarwala 24 News Hapur:उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मंदिर जा रहे एक सेवानिवृत्त फौजी पर कार सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक गोली लगने से सेवानिवृत्त फौजी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।
आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को गंभीर हालत में मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही बाबूगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।

सुबह मंदिर जाते समय हुआ हमला (Hapur)
जानकारी के अनुसार ग्राम श्यामपुर जट्ट निवासी कर्मवीर सिंह सेवानिवृत्त फौजी हैं, जो करीब 20 वर्ष पूर्व फौज से सेवानिवृत्त हुए थे। शनिवार सुबह वह रोज की तरह घर से मंदिर जाने के लिए निकले थे। जैसे ही वह घर से कुछ दूरी पर पहुंचे, तभी एक कार में सवार बदमाश वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी।
फायरिंग के दौरान एक गोली कर्मवीर सिंह को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी (Hapur)
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है, ताकि कार सवार बदमाशों की पहचान की जा सके।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी (Hapur)
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि घायल को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मामले की जांच विभिन्न बिंदुओं पर की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


