Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में कुचेसर चौपला से अल्लीपुर मार्ग स्थित एक स्कूल के पीछे 21 वर्षीय छात्रा के खून से लथपथ हालत में मिलने की घटना ने मंगलवार को सनसनी फैला दी। हालांकि पुलिस जांच में इस मामले में नया मोड़ सामने आया है। प्रारंभिक पूछताछ में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा पाया गया है और छात्रा ने स्वयं को धारदार ब्लेड से घायल करने की बात स्वीकार की है।
क्या था पूरा मामला (Hapur News)
गांव बनखंडा निवासी छात्रा शगुन मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे घर से कुचेसर चौपला स्थित लाइब्रेरी में पढ़ाई के लिए निकली थी। परिजनों के अनुसार वह प्रतिदिन कोचिंग जाती थी और दोपहर चार से साढ़े चार बजे के बीच घर लौटती थी। मंगलवार दोपहर स्थानीय लोगों ने स्कूल के पीछे सरसों के खेत के पास एक युवती को लहूलुहान अवस्था में पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही थाना बाबूगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप चौहान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल छात्रा को एंबुलेंस से गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने छात्रा से की गहन पूछताछ (Hapur News)
प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने छात्रा से गहन पूछताछ की। पूछताछ में छात्रा ने बताया कि पिछले करीब एक वर्ष से उसका थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव सादिकपुर निवासी एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। वह अपने परिवार में सबसे बड़ी संतान है, जबकि युवक के परिवार में एक बड़ा भाई और एक छोटी बहन है।छात्रा के अनुसार युवक ने उसे आश्वासन दिया था कि अपने बड़े भाई की शादी के बाद वह उससे विवाह करेगा। लेकिन छात्रा जल्द शादी करने की जिद पर अड़ गई। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और युवक ने उससे बातचीत बंद कर दी। इससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई।
खुद ही किया गले और हाथ पर वार (Hapur News)
पुलिस के मुताबिक इसी तनाव के चलते छात्रा घटनास्थल के पास खेत में पहुंची और आवेश में आकर ब्लेड से अपने गले और हाथ पर वार कर लिया। बाद में परिजनों के डर से उसने अज्ञात युवक द्वारा जानलेवा हमला किए जाने की कहानी बता दी थी।पुलिस ने युवक पक्ष से भी पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल छात्रा की हालत स्थिर बताई जा रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


