Khabarwala 24 News Hapur: Hapur Newsजिले में घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। किठौर रोड स्थित ग्राम टियाला में संचालित महेंद्र गैस सर्विस एजेंसी पर उपभोक्ताओं को गैस डिलिवरी का OTP भेजकर सिलेंडर कहीं और सप्लाई करने का आरोप लगा है। शिकायतों के बाद पूर्ति विभाग की टीम ने छापेमारी कर एजेंसी के गोदाम को सील कर दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले में एजेंसी संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
उपभोक्ताओं को OTP भेजकर नहीं दिए गए सिलेंडर (Hapur News)
बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से महेंद्र गैस सर्विस से जुड़े उपभोक्ता लगातार गैस न मिलने की शिकायत कर रहे थे। लोगों का कहना था कि उनके मोबाइल फोन पर गैस डिलिवरी का OTP और मैसेज तो आ जाता है, लेकिन जब वे एजेंसी या गोदाम पर सिलेंडर लेने पहुंचते हैं तो उन्हें गैस उपलब्ध नहीं कराई जाती।
बृहस्पतिवार सुबह भी एजेंसी के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और गैस न मिलने को लेकर नाराजगी जताई। सूचना मिलने पर आपूर्ति विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों से शिकायतें दर्ज करनी शुरू कीं।
60 से अधिक लोगों ने दर्ज कराई शिकायत (Hapur News)
जांच के दौरान करीब 60 से अधिक उपभोक्ताओं ने लिखित और मौखिक शिकायत दर्ज कराई। सभी का कहना था कि उनके मोबाइल पर गैस डिलिवरी का संदेश भेजा गया था, जिससे ऐसा प्रतीत होता था कि सिलेंडर उनके नाम पर डिलिवर हो चुका है। लेकिन वास्तविकता में उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिला।
इन शिकायतों के आधार पर अधिकारियों को कालाबाजारी का शक हुआ और एजेंसी के गोदाम की जांच शुरू कर दी गई।
जांच में गोदाम मिला खाली (Hapur News)
जब अधिकारियों की टीम ने गोदाम का निरीक्षण किया तो वहां गैस सिलेंडर नहीं मिले। ऐसे में टीम को संदेह हुआ कि जब उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिली और गोदाम भी खाली है, तो सिलेंडर आखिर कहां गए।
टीम ने एजेंसी संचालक से स्टॉक और वितरण से संबंधित रिकॉर्ड मांगा, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। साथ ही जांच में भी सहयोग नहीं किया। इसके बाद पूर्ति विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गोदाम को सील कर दिया।
अधिकारियों की टीम गठित, टोल फ्री नंबर जारी (Hapur News)
जिले में गैस आपूर्ति को लेकर बढ़ती शिकायतों को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी द्वारा अधिसूचना जारी कर गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए जिला पूर्ति अधिकारी, एसडीएम और सीओ के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया है।
साथ ही गैस बुकिंग, डीजल और पेट्रोल से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किए गए हैं। उपभोक्ता 0122-230835, 0122-2304834 और 1077 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
सिलेंडर की कमी पर इन अधिकारियों से करें संपर्क (Hapur News)
पूर्ति विभाग के अनुसार यदि कामर्शियल गैस सिलेंडर की कमी या अन्य परेशानी हो तो संबंधित कंपनियों के सेल्स मैनेजर से भी संपर्क किया जा सकता है।
भारत गैस के लिए प्रमोद कुमार (9756200246), इंडेन के लिए प्रिया अग्रवाल (8218263017) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के लिए महेंद्र कुमार मीना (9983808676) से संपर्क किया जा सकता है।
क्या कहती हैं जिला पूर्ति अधिकारी (Hapur News)
जिला पूर्ति अधिकारी सीमा बालियान ने बताया कि टियाला स्थित महेंद्र गैस सर्विस एजेंसी में गैस की कालाबाजारी की शिकायत मिली थी। जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं। उपभोक्ताओं के मोबाइल पर डिलिवरी संदेश भेजे गए थे, लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं दिए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोदाम को सील कर दिया गया है और संबंधित एजेंसी संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



