Khabarwala24 Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ और बुलंदशहर के बीच एक दिल दहलाने वाली घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया था। 24 साल के सूफियान की नृशंस हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। नौकरी का झांसा देकर अपहरण, फिर बेरहमी से हत्या और शव को जंगल में जला देने की यह कहानी किसी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं।
9 सितंबर को बुलंदशहर के देवराला जंगल में धुआं और बदबू की सूचना पर पुलिस को एक अधजला शव मिला। अधजले कपड़ों और जूतों से शव की पहचान सूफियान के रूप में हुई। इस हत्याकांड ने गांव में गुस्से और दुख की लहर पैदा कर दी।
छोटी सी रंजिश बनी जानलेवा (Hapur News)
सूफियान नोएडा की ओपो कंपनी में नौकरी करता था और अपने गांव में पानी-नमकीन की छोटी सी दुकान चलाता था। करीब दो महीने पहले गांव के कुख्यात बदमाश नितिन बाटा से उसका मामूली विवाद हुआ था। पानी की बोतल के पैसे मांगने पर नितिन ने सूफियान को थप्पड़ जड़ दिया। जवाब में सूफियान ने धक्का दे दिया। गुस्से में नितिन ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। इसके कुछ दिन बाद सूफियान के भाई पर भी फायरिंग की घटना हुई, जिससे साफ था कि रंजिश गहरी हो चुकी थी।
नौकरी के नाम पर रची गई साजिश (Hapur News)
हत्या से पहले गांव के ही पवन ने सूफियान को नोएडा की एक मोबाइल कंपनी में अच्छी नौकरी दिलाने का लालच दिया। पवन ने सूफियान को कार में बिठाकर ले गया। रास्ते में नितिन बाटा भी उनके साथ शामिल हो गया। इसके बाद सूफियान रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। पुलिस का मानना है कि यह सब एक सोची-समझी साजिश थी, जिसमें सूफियान को जाल में फंसाकर उसकी हत्या की गई।
जंगल में अधजला शव और गांव में हंगामा (Hapur News)
9 सितंबर को बुलंदशहर के देवराला जंगल में धुआं और बदबू की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहां एक अधजला शव मिला, जिसकी पहचान सूफियान के रूप में हुई। शव को जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश की गई थी। इस घटना से गांव में मातम छा गया और गुस्साए लोगों ने मुख्य आरोपी नितिन बाटा और उसके साथियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने नितिन, मनीष, अमित, पवन, प्रशांत, आशीष, आदेश और नीतू के खिलाफ अपहरण, हत्या और साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस का स्पेशल ऑपरेशन, दो आरोपी गिरफ्तार (Hapur News)
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते सूफियान का अपहरण कर उसकी हत्या की गई। शव को पहचान मिटाने के लिए पेट्रोल डालकर जलाया गया। पुलिस ने सिरोधन हाईवे के बंबा पुल पर छज्जुपुर जाने वाले रास्ते पर दबिश देकर दो आरोपियों, आशीष पुत्र संजय उर्फ बबलू और अभिषेक पुत्र शिवकुमार, को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी नितिन बाटा और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


