Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News मेरठ को आईटी हब के रूप में विकसित करने की मांग क्षेत्रीय सांसद अरुण गोविल ने लोकसभा में जोरदार ढंग से उठाई थी। जिस पर वाणिज्य एवं उद्योग इलेक्ट्रानिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री जतिन प्रसाद ने आश्वासन दिया है कि इस ओर जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इसको लेकर स्थानीय भाजपाइयों में उत्साह का माहौल है। इस दिशा में पहल करने पर क्षेत्रीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सांसद अरुण गोविल का आभार जताया है। माना जा रहा है कि यदि यह योजना साकार होती है तो इससे मेरठ लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न जिले और आसपास के क्षेत्रों के हजारों युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
हाल ही में सांसद अरुण गोविल ने संसद में नियम 377 के अंतर्गत मेरठ में एक वृहद आईटी हब की स्थापना का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने इस विषय को केवल एक परियोजना न मानते हुए इसे युवाओं के भविष्य, रोजगार सृजन और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के समग्र आर्थिक विकास से जुड़ा बताया।सांसद ने अपने वक्तव्य में कहा कि केंद्र सरकार की डिजिटल इंडिया पहल के तहत 5 सितंबर 2017 को मेरठ के वेदव्यासपुरी में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) केंद्र की आधारशिला रखी गई थी। बाद में 28 दिसंबर 2021 को इसका उद्घाटन भी किया गया। वर्तमान में यह आईटी पार्क लगभग 25 हजार वर्ग फुट क्षेत्र में संचालित हो रहा है, जिसमें 133 सीटों की क्षमता है और करीब 10 आईटी कंपनियां यहां काम कर रही हैं।
पलायन को रोकने के लिए होगा बड़ा कदम (Hapur News)
हालांकि, सांसद ने यह भी चिंता जताई कि मेरठ और आसपास के जिलों के लगभग 10 हजार से अधिक युवा आज भी आईटी क्षेत्र में रोजगार के लिए बेंगलुरु, हैदराबाद और पुणे जैसे बड़े शहरों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि यदि मेरठ में एक बड़ा और आधुनिक आईटी हब स्थापित किया जाता है, तो इस पलायन को रोका जा सकता है और स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
नई पहचान दिलाने में होगी सहायक (Hapur News)
भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का मानना है कि यह पहल मेरठ को एक नई पहचान दिलाने में सहायक होगी। साथ ही, इससे क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा, उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा और युवाओं को अपने ही जिले में करियर बनाने का मौका मिलेगा।राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी इस पहल का स्वागत किया जा रहा है। लोगों को उम्मीद है कि केंद्र और राज्य सरकार इस दिशा में जल्द ठोस कदम उठाएंगी, जिससे मेरठ पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक प्रमुख आईटी हब बन सके।
मंत्री ने सांसद को दिया आश्वासन (Hapur News)
वाणिज्य एवं उद्योग इलेक्ट्रानिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री जतिन प्रसाद ने सांसद अरुण गोविल को पत्र लिखकर आश्वासन दिया है कि इस ओर जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस मांग को गंभीरता से लिया जाएगा।
इन्होंने हर्ष व्यक्त किया (Hapur News)
इस मांग को लेकर जिलाध्यक्ष कविता माधरे, मोहन सिंह, सांसद प्रतिनिधि विनोद गुप्ता, अशोक बबली, जिला मंत्री अमित शर्मा, मंडल अध्यक्ष प्रशांत त्यागी, मनोज तोमर, सतीश सिंहाल, समेत अनेक भाजपाईयों ने हर्ष व्यक्त किया है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



