Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद में सिम्भावली थाना क्षेत्र की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गंगा एक्सप्रेसवे पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) स्तुति सिंह ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गंगा एक्सप्रेसवे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को तीन युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए।पुलिस ने जब तीनों को रोककर तलाशी ली तो उनके पास से अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिव्यांश, विनीत उर्फ विन्नी उर्फ बिन्नो और नितिन के रूप में हुई है।
शातिर अपराधी है पकड़ा गया आरोपी (Hapur News)
पूछताछ के दौरान आरोपी विनीत उर्फ बिन्नो ने पुलिस को बताया कि वह मेरठ निवासी रिहान बिल्लोरी से कम कीमत में अवैध पिस्टल खरीदकर लाता था। इसके बाद वह इन पिस्टलों को 35 से 40 हजार रुपये में बेचकर मुनाफा कमाता था।पुलिस के अनुसार विनीत उर्फ बिन्नो शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ हापुड़ व मेरठ में हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम सहित करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। साथ ही इस अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।





