Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News होली से पहले खाद्य तेलों में मिलावट की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सोमवार को हापुड़ में बड़ा अभियान चलाया। 16 अधिकारियों की संयुक्त टीम ने शहर की चार ऑयल इकाइयों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मिलावट, भारी गंदगी और दस्तावेजी खामियां मिलने पर तीन इकाइयों से करीब 53.62 लाख रुपये कीमत का 32,500 लीटर खाद्य तेल सीज किया गया। साथ ही 14 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
किन-किन इकाइयों पर हुई कार्रवाई? (Hapur News)
विभागीय अधिकारियों के अनुसार त्योहारों के सीजन में तेल और घी जैसे खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका बढ़ जाती है, इसी को देखते हुए प्रदेशभर में एक साथ अभियान चलाया गया। हापुड़ में वान्या पाम ऑयल से 3 नमूने लेकर 6.68 लाख रुपये का 5,180 लीटर तेल सीज किया गया। केएल ऑयल से 7 नमूने लिए गए और मिलावट के शक व भारी गंदगी मिलने पर 32.22 लाख रुपये का 15,345 लीटर तेल जब्त किया गया। जेएन ऑयल से 4 नमूने लेकर 14.71 लाख रुपये कीमत का 11,975 लीटर तेल सीज किया गया। कुल मिलाकर 32,500 लीटर से अधिक खाद्य तेल जब्त किया गया।

इन इकाइयों में मिली खामी (Hapur News)
दिल्ली रोड और गढ़ रोड स्थित एक बड़ी ऑयल मिल में देर रात तक जांच जारी रही। अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर, खरीद-बिक्री बिल, ब्रांड पैकिंग और कच्चे माल की गहन जांच की। मेरठ मंडल में पांच इकाइयों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिनमें हापुड़ की दो इकाइयों में बड़े स्तर पर लापरवाही सामने आई। निरीक्षण के दौरान मिलों में भारी गंदगी मिली, कर्मचारी बिना ग्लव्स, मास्क और कैप के काम करते पाए गए, तेल की खरीद और आपूर्ति का स्पष्ट रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था तथा पैकिंग और लेबलिंग नियमों का उल्लंघन भी सामने आया। जांच में यह भी सामने आया कि नेपाल से टैंकर मंगाकर तेल को अपने ब्रांड के नाम से पैक किया जा रहा था।
मिलावटी तेल से सेहत पर खतरा (Hapur News)
विशेषज्ञों का कहना है कि मिलावटी तेल का लंबे समय तक सेवन हृदय रोग, लीवर संबंधी समस्याएं और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ा सकता है। त्योहारों पर बढ़ती मांग का फायदा उठाकर कुछ कारोबारी मुनाफाखोरी के लिए गुणवत्ता से समझौता करते हैं, जिससे उपभोक्ताओं की सेहत खतरे में पड़ जाती है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


