Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News हापुड़ जिले के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के ग्राम असौड़ा में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। पूर्ति विभाग की टीम ने छापेमारी कर एक घर से बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। मामले में पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूचना पर की गई छापेमारी (Hapur News)
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार जिला पूर्ति निरीक्षक प्रीति रानी ने बताया कि 11 मार्च को उप जिलाधिकारी हापुड़ को सूचना मिली थी कि गांव असौड़ा में एक व्यक्ति अपने घर में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर उनकी कालाबाजारी कर रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी के निर्देश पर पूर्ति विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ आरोपी के घर पर छापेमारी की।
घर से 32 गैस सिलेंडर बरामद (Hapur News)
तलाशी के दौरान आरोपी रिहान के घर से एचपी गैस कंपनी के कुल 32 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें 18 सिलेंडर भरे हुए और 14 खाली पाए गए। इतने अधिक संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर मिलने से टीम को अवैध कारोबार की पुष्टि हुई।
टीम ने सभी सिलेंडरों को कब्जे में लेकर संबंधित गैस एजेंसी के संचालक को सुपुर्द कर दिया है। साथ ही उन्हें अग्रिम आदेश तक सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
एक साल से कर रहा था अवैध कारोबार (Hapur News)
पूछताछ के दौरान आरोपी रिहान ने बताया कि वह अलग-अलग हाकरों से गैस सिलेंडर खरीदता था और बाद में गांव के लोगों को 20 से 30 रुपये अतिरिक्त लेकर बेच देता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह पिछले करीब एक वर्ष से इस तरह गैस सिलेंडरों की खरीद-फरोख्त कर रहा था।
पूर्ति विभाग के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडरों का इस प्रकार भंडारण और बिक्री करना नियमों के खिलाफ है और इसे कालाबाजारी की श्रेणी में माना जाता है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा (Hapur News)
थाना हापुड़ देहात प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक की तहरीर के आधार पर आरोपी रिहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



