Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News थाना हाफिजपुर क्षेत्र में बुलंदशहर रोड बाईपास पर लूट की सूचना से बुधवार शाम पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। नोएडा से लौट रहे एक व्यक्ति ने तीन अज्ञात लोगों द्वारा तीस हजार रुपये और मोबाइल फोन लूटने की जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। हालांकि कुछ ही घंटों में मामला फर्जी निकला और पुलिस ने राहत की सांस ली।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
थाना हाफिजपुर प्रभारी प्रवीन चौधरी ने बताया कि थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के मोहल्ला फूलगढ़ी निवासी इमरान ने पुलिस को सूचना दी कि वह 22 मार्च की शाम करीब साढ़े सात बजे नोएडा से बस द्वारा हापुड़ पहुंचा था। वहां से वह अपने घर जाने के लिए बुलंदशहर रोड बाईपास पर उतरा। इसी दौरान तीन लोग उसके पास आए और उससे तीस हजार रुपये तथा मोबाइल फोन छीनकर पैदल फरार हो गए।
पुलिस ने घटना स्थल का किया निरीक्षण (Hapur News)
लूट की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हो गई। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई। जांच के दौरान पुलिस को घटनाक्रम में कई विरोधाभास नजर आए। इमरान ने बताया था कि घटना के बाद उसने अपने भाई को फोन कर जानकारी दी थी। पुलिस ने उस नंबर की जांच की जिससे कॉल की गई थी।
पुलिस जांच में जुटी (Hapur News)
जांच में पता चला कि जिस नंबर से फोन किया गया, वह सोना पेट्रोल पंप के सामने स्थित देशी शराब के ठेके के पास एक दुकानदार का था। दुकानदार से पूछताछ करने पर सामने आया कि इमरान शराब के नशे में था और उसने अपना मोबाइल फोन तथा बाइक की चाबी वहीं कहीं खो दी थी। काफी देर तक तलाश करने के बाद जब सामान नहीं मिला तो उसने अपने भाई को बुलाया। बाद में उसके भाई ने आकर बाइक का लॉक तोड़कर वाहन घर ले गया।
सच्चाई सामने आई (Hapur News)
सच्चाई सामने आने पर पुलिस ने इमरान से सख्ती से पूछताछ की, जिस पर उसने माना कि लूट की सूचना गलत थी और उसका मोबाइल फोन गुम हो गया था। सूचना मिलते ही उसके परिजन भी थाने पहुंच गए। इमरान और उसके परिवार ने अपनी गलती स्वीकार की। थाना प्रभारी ने बताया कि चेतावनी देकर उन्हें छोड़ दिया गया है।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी घटना की सूचना देने से पहले तथ्यों की पुष्टि कर लें, ताकि पुलिस संसाधनों का दुरुपयोग न हो और वास्तविक घटनाओं पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


