Khabarwala24 Hapur News: दहेज की लालच में एक बार फिर इंसानियत शर्मसार हो गई। पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में एक नवविवाहिता को सिर्फ इसलिए प्रताड़ित किया गया क्योंकि उसके मायके से कार और दस लाख रुपये नकद नहीं आए। ससुराल वालों ने न सिर्फ उसे घर से निकाल दिया, बल्कि जान से मारने की नीयत से खाने में जहर तक मिलाने की कोशिश की।
शादी के बाद शुरू हुई दहेज की मांग (Hapur News)
मामला 30 नवंबर 2020 का है। पिलखुवा नगर की रहने वाली लड़की की शादी नोएडा सेक्टर-45 सदरपुर कॉलोनी निवासी जयप्रकाश से बड़ी धूमधाम से हुई थी। लड़की वालों ने शादी में करीब 20 लाख रुपये खर्च किए, सोने-चांदी के जेवर और घरेलू सामान भी दिया। लेकिन ससुराल वाले खुश नहीं थे। पति जयप्रकाश, सास सत्तो देवी, ससुर विजयपाल, जेठ वेदप्रकाश, ननद शशी और नंदोई जयभगवान लगातार कार और 10 लाख रुपये की मांग करते रहे।
नौकरी करवाई, फिर भी नहीं माने ससुराल वाले (Hapur News)
पीड़िता ने बताया कि दबाव इतना बढ़ा कि उसे नौकरी करनी पड़ी। उसने अपनी साढ़े चार लाख रुपये की कमाई भी ससुराल वालों को दे दी, लेकिन फिर भी वे नहीं माने। दहेज नहीं देने पर तलाक की धमकी दी जाने लगी। पति ने उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाए। नंदोई जयभगवान ने छेड़छाड़ शुरू कर दी और अश्लील हरकतें करने लगा। जब उसने विरोध किया तो पूरे परिवार ने मिलकर उसके साथ मारपीट की।
6 मई को घर से निकाला, जहर देकर मारने की कोशिश (Hapur News)
पीड़िता के मुताबिक 6 मई को ससुराल वालों ने उसे पहने हुए कपड़ों में ही घर से बाहर निकाल दिया। शादी में दिया गया सारा सोने-चांदी का सामान लॉकर से निकालकर अपने पास रख लिया। सास-ससुर ने खाने में जहर मिलाकर उसे मारने की कोशिश की, लेकिन वह सतर्क रही और बच गई। अब ससुराल वाले पति की दूसरी शादी कराना चाहते हैं क्योंकि उसका किसी दूसरी महिला से अवैध संबंध है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा (Hapur News)
महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने पति जयप्रकाश, सास सत्तो देवी, ससुर विजयपाल, जेठ वेदप्रकाश, ननद शशी और नंदोई जयभगवान के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट, छेड़छाड़, हत्या का प्रयास और अप्राकृतिक संबंध का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल जांच चल रही है। यह मामला एक बार फिर दहेज प्रथा की काली सच्चाई को सामने ला रहा है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


