Khabarwala24 Hapur News: हापुड़ जिले में दहेज में 5 लाख रुपये नकद और स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को ससुराल वालों ने सालों तक शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना दी। मामला इतना बढ़ गया कि पीड़िता को बार-बार मायके छोड़ दिया जाता था। अब हापुड़ पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति, सास, जेठ और दोनों देवर समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शादी के समय ही शुरू हो गई थी दहेज की मांग (Hapur News)
हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के कवि नगर में रहने वाली कुंजन भारती की शादी 21 अप्रैल 2018 को बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र के नई सड़क निवासी अमित कुमार से हुई थी। लड़की वालों ने शादी में करीब 20 लाख रुपये खर्च किए, वैगनआर कार और ढेर सारा सामान दिया। लेकिन ससुराल वाले इससे खुश नहीं थे। शादी के कुछ ही दिनों बाद पति अमित, सास कमला देवी, जेठ रवि कुमार, देवर मनीष और सुमित ने 5 लाख रुपये कैश और स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग शुरू कर दी।
बार-बार मायके छोड़कर आता था पति (Hapur News)
मांग पूरी न होने पर पति आए दिन विवाहिता को मायके छोड़कर चला जाता था। कई-कई दिन तक उसकी कोई खोज-खबर नहीं लेता था। जब बात बहुत ज्यादा बिगड़ जाती तो परिवार वाले गलती मानकर फिर बुला लेते। साल 2022 में सबने मिलकर दिल्ली में किराए का मकान लेकर अलग रहने का फैसला किया, ताकि झगड़े कम हों। लेकिन दिल्ली में भी हालात नहीं सुधरे। वहां भी स्कॉर्पियो और पैसे के लिए रोज ताने और मारपीट होती रही।
दिल्ली महिला आयोग तक पहुंचा मामला (Hapur News)
तंग आकर कुंजन ने दिल्ली महिला आयोग में शिकायत कर दी। वहां ससुराल वालों ने फिर गलती मानी और वादा किया कि अब कोई परेशानी नहीं होगी। इसके बाद सब गाजियाबाद में रहने लगे। लेकिन 23 अक्टूबर 2023 को फिर दहेज की मांग को लेकर मारपीट शुरू हो गई। पति ने घर छोड़ दिया और हापुड़ महिला थाने में झूठा आवेदन दे दिया। थाने में बुलाने पर 19 नवंबर 2023 को अमित ने फिर गलती मानी और पत्नी को ले गया।
जनवरी 2024 में फिर मायके छोड़ा (Hapur News)
दहेज की मांग पूरी न होने पर 4 जनवरी 2024 को अमित ने कुंजन को फिर मायके छोड़ दिया। चार फरवरी 2024 को ससुराल वाले उसके घर आए और मारपीट की। धमकी दी कि स्याना नगर पालिका की पूर्व चेयरमैन उनकी मां हैं, राजनीतिक रसूख है, अगर मांग पूरी नहीं की तो उसके भाइयों को झूठे मुकदमों में फंसवाकर मार देंगे।
आखिरकार दर्ज हुआ मुकदमा (Hapur News)
लगातार प्रताड़ना से परेशान कुंजन ने हापुड़ एसपी को प्रार्थना-पत्र दिया। एसपी के आदेश पर महिला थाने में पति अमित कुमार, सास कमला देवी (पूर्व नगर पालिका चेयरमैन, स्याना), जेठ रवि कुमार, देवर मनीष और सुमित के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और धमकी का केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है।
पीड़िता का कहना है कि अब वह अपने बच्चों के साथ सुरक्षित जीवन चाहती है और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


