Khabarwala 24 News Hapur: Hapur उत्तर प्रदेश में बीमा क्लेम के लालच में एक बेटे ने अपनी मां और पिता की हत्या की साजिश रच डाली। मेरठ के गंगानगर निवासी विशाल कुमार ने पिता मुकेश सिंघल के नाम पर विभिन्न कंपनियों से करीब 39 करोड़ रुपये का बीमा कराया और उनकी संदिग्ध मौत को सड़क हादसे का रूप देकर क्लेम करने की कोशिश की। लेकिन बीमा कंपनी की जांच में धोखाधड़ी का पर्दाफाश हो गया।
इससे पहले 2017 में उसने अपनी मां को मोटरसाइकिल से गिराकर एक्सीडेंट दिखाकर 80 लाख रुपये का क्लेम हड़प लिया था। पुलिस ने विशाल और उसके साथी सतीश को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला बीमा कंपनियों में हड़कंप मचा रहा है।
पिता की मौत की साजिश: 27 मार्च 2024 को गढ़ गंगा स्नान के बाद हादसा (Hapur)
पुलिस के अनुसार, 27 मार्च 2024 को मुकेश सिंघल गढ़गंगा स्नान करने गए थे। लौटते समय कथित सड़क दुर्घटना में वे घायल हो गए और मेरठ के नवजीवन अस्पताल में भर्ती हुए, जहां उनकी मौत हो गई। बेटा विशाल ने तुरंत बीमा क्लेम दाखिल कर दिया, लेकिन निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी को शक हो गया। जांच में पता चला कि दुर्घटना का समय दिन में बताया गया था, जबकि अस्पताल रिकॉर्ड में रात 8 बजे दर्ज है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और चोटों की प्रकृति भी मेल नहीं खा रही। पड़ोसियों के बयान सुनियोजित लगे, और कुछ ने पैसे लेकर गवाही देने की बात कबूल की। कंपनी के प्रतिनिधि संजय कुमार ने हापुड़ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
मां की मौत का पुराना कांड (Hapur)
पूछताछ में विशाल ने कबूल किया कि 2017 में उसने मां के नाम पर भारी बीमा कराया। लालच में उसने मां को पिलखुवा ले जाकर मोटरसाइकिल से गिरा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसे अज्ञात वाहन से एक्सीडेंट दिखाकर पिलखुवा कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया और विभिन्न कंपनियों से 80 लाख रुपये का क्लेम ले लिया। पुलिस को शक है कि पत्नी की मौत भी संदिग्ध हो सकती है, जिसके बाद विशाल ने 1 करोड़ रुपये से ज्यादा क्लेम हासिल कर लिए थे।
कैसे पकड़ा गया आरोपी (Hapur)
विशाल अपने पिता के साथ फोटोग्राफी का काम करता है और उसकी वार्षिक आय 12-15 लाख बताई गई, लेकिन 39 करोड़ की पॉलिसी का प्रीमियम इतनी आय से मेल नहीं खाता। आधार और पैन कार्ड में उम्र संबंधी गलतियां मिलीं। पिता के नाम पर दो लग्जरी कारें (कीमत 50 लाख) ली गईं, जिन पर लोन था। मौत के बाद क्लेम से लोन चुक गया, और कारें विशाल के पास रह गईं। अस्पताल स्टाफ भी जांच के दायरे में है।
पुलिस का एक्शन: दो गिरफ्तार (Hapur)
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह के आदेश पर सदर कोतवाली में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज हुआ। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया, “विशाल (मेरठ गंगानगर) और सतीश (मोहनपुरी) को गिरफ्तार किया गया है। जांच में अन्य शामिल होने की आशंका है। हादसे वाली जगह की पुलिस भी जांच करेगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।


Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

