Khabarwala 24 News Hapur: यूपी के जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर एलिवेटेड फ्लाईओवर के पिलर नंबर 56 के पास रविवार तड़के सुबह करीब साढ़े चार बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। लखीमपुर खीरी और शाहजहांपुर के छह दोस्त मारुति बैलेनो कार (यूपी 31 संख्या सीरीज) में सवार होकर दिल्ली की तरफ जा रहे थे। अचानक पीछे से आ रहे किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी कार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कार अनियंत्रित होकर पिलर से जा टकराई। देखते ही देखते बैलेनो के परखच्चे उड़ गए।
घायलों को कार से निकाला (Hapur)
कार में सवार सभी छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग और हाईवे पर गुजर रहे कुछ ड्राइवर रुक गए। किसी तरह कार के दरवाजे खोलकर घायलों को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पिलखुवा कोतवाली पुलिस को सूचना दी। कोतवाली प्रभारी श्यौपाल सिंह खुद टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने शाहजहांपुर के गांव बाई कुआं निवासी नाजिम (उम्र करीब 28 साल) को मृत घोषित कर दिया।

गंभीर घायलों को मेरठ के अस्पताल में कराया भर्ती (Hapur)
बाकी पांच घायलों में उल्फत (कोरो कुइयां), लईक (सिधौली) और इमरान (लखीमपुर खीरी) की हालत अत्यधिक गंभीर होने के कारण उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अतीक और सद्दाम का इलाज पिलखुवा के ही अस्पताल में चल रहा है। सभी दोस्त 25 से 32 साल की उम्र के बीच बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद एलिवेटेड फ्लाईओवर पर ट्रैफिक जाम रहा। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बैलेनो को हटाया गया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी (Hapur)
थाना प्रभारी निरीक्षक श्योपाल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक और घायलों के परिजन को हादसे की जानकारी दे दी है। मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


