Khabarwala 24 News Hapur: (साहिल अंसारी) यूपी के जनपद Hapur के आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में साहित्यिक- सांस्कृतिक समिति, सुश्री सुभद्रा कुमारी चौहान कल्चरल क्लब तथा एक्टिविटी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में ‘विश्व योग दिवस’ का आयोजन किया गया। योग एक प्राचीन शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक अभ्यास है जिसकी उत्पत्ति भारत वर्ष में हुई। भारत की अमूल्य विरासत योग आज वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त कर चुकी है।
भारत की वसुधैव कुटुंबकम् की मूल भावना को दर्शाता है (Hapur)
11वें योग दिवस की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग”रखा गया है। सर्वविदित है कि योग शारीरिक सौष्ठव, मन की एकाग्रता, तथा दैनिक जीवन में जागरूकता एवं जिम्मेदारी को बढ़ाता है। वस्तुत: स्वयं की देखभाल करने से हम पृथ्वी की देखभाल करने लगते हैं। जो भारत की वसुधैव कुटुंबकम् की मूल भावना को दर्शाता है। संपूर्ण सृष्टि को परिवार के रूप में देखना और उसके स्वस्थ एवं निरोगी जीवन की कामना ही योग का दर्शन है।
ॐ ध्वनि उच्चारण के साथ कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ (Hapur)
योग समिति की नोडल अधिकारी प्रोफेसर सरोजिनी ने ॐ ध्वनि उच्चारण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात उन्होंने महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर साधना तोमर को योग की वैश्विक प्रासंगिकता पर अपने विचार रखने के लिए आमंत्रित किया। परंपरा से प्राप्त अनमोल विरासत योग की गुणवत्ता को प्राचार्या ने अपने संबोधन भाषण में रेखांकित किया।
योग भगाए रोग (Hapur)
पतंजलि योगपीठ , हापुड़ की जिला प्रभारी, सुश्री आशा सोमानी जी के कुशल नेतृत्व में सभी ने सूर्य नमस्कार किया। प्राणायाम तथा विभिन्न आसनों के अंतर्गत अनुलोम विलोम, कपालभाति, भ्रामरी, उज्जायी, पद्मासन, मुद्रासन,वज्रासन,ताड़ासन, शवासन, भुजंगासन, आदि का भी उन्होंने अभ्यास कराया तथा इससे होने वाले लाभ की चर्चा की। कार्यक्रम में प्रबंध समिति के सदस्य, महाविद्यालय की प्राध्यापिकाएं, कर्मचारीगण, छात्राएं, अभिभावक आदि कुल 311 लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की समाप्ति पर सभी ने ‘योग भगाए रोग’, ‘योग करेंगे निरोगी रहेंगे’ आदि का उच्च स्वर में घोष किया तथा राष्ट्रगान गाया।

Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।


