Khabarwala 24 News Hapur: विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत रविवार को जनपद हापुड़ में विशेष बूथ दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे और मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे। साथ ही मतदाता सूची से जुड़े दावे और आपत्तियों के लिए आवश्यक फार्म भी मौके पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
बूथों पर सुधारी जाएंगी त्रुटि (Hapur)
निर्वाचन विभाग के अनुसार जिले के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 11 लाख 56 हजार 699 मतदाताओं को एसआईआर अभियान में शामिल किया गया था। इसके सापेक्ष अब तक 7 लाख 71 हजार 709 मतदाताओं के गणना प्रपत्र डिजिटाइज्ड किए जा चुके हैं, जबकि करीब 1 लाख 27 हजार 087 मतदाताओं की मैपिंग अभी नहीं हो सकी है। इन्हीं शेष मतदाताओं को जोड़ने और त्रुटियों को सुधारने के उद्देश्य से विशेष बूथ दिवस मनाया जा रहा है।विशेष बूथ दिवस के दौरान बीएलओ मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। निर्वाचन अधिकारी इस पूरे कार्य का पर्यवेक्षण करेंगे और व्यवस्थाओं की निगरानी रखेंगे।
बूथों पर मौजूद रहेंगे फार्म (Hapur)
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि यदि किसी नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या उसमें कोई त्रुटि है, तो वह एसआईआर के अंतर्गत दावे और आपत्ति प्राप्त करने की अवधि में 6 फरवरी तक फार्म नंबर छह भरकर आवेदन कर सकता है। नाम हटाने या संशोधन के लिए फार्म नंबर सात और आठ भी उपलब्ध रहेंगे।
हेल्प डेस्क की रहेगी व्यवस्था (Hapur)
उन्होंने बताया कि सभी बीएलओ अपने पास आवश्यक फार्म और घोषणा पत्र रखेंगे। मतदाताओं को फार्म भरने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रत्येक बूथ पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा तहसील कार्यालयों और जिला निर्वाचन कार्यालय से भी फार्म प्राप्त किए जा सकते हैं। विशेष बूथ दिवस पर बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक कार्य करेंगे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


