हापुड़, 15 दिसंबर (Khabarwala24)। हापुड़ जिले में नेशनल हाईवे-09 पर सोमवार को दोपहर के समय बाइक सवार दो हथियारबंद बदमाशों ने एक व्यापारी के मुनीम से 85 लाख रुपये लूट लिए। यह वारदात पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में सरस्वती मेडिकल कॉलेज के पास हुई। मुनीम हापुड़ से पैसे लेकर गाजियाबाद जा रहा था कि बदमाशों ने उसकी बाइक में टक्कर मारकर उसे गिराया और रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं।
वारदात कैसे हुई?
गौतमबुद्धनगर के दादरी क्षेत्र के रहने वाले व्यापारी गोपालजी का मुनीम अजयपाल सिंह गांव दादूपुर खटाना का निवासी है। सोमवार को वह हापुड़ में दो व्यापारियों से पेमेंट लेने आया था। एक जगह से उसने 50 लाख रुपये और दूसरी जगह से 35 लाख रुपये लिए। कुल 85 लाख रुपये को वह एक पिट्ठू बैग में रखकर अपनी बाइक पर गाजियाबाद की ओर लौट रहा था।
जैसे ही वह पिलखुवा के सरस्वती मेडिकल कॉलेज के पास NH-09 पर पहुंचा, पीछे से आ रही बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से मुनीम सड़क पर गिर पड़ा और घायल हो गया। मौके का फायदा उठाकर बदमाशों ने हथियार दिखाते हुए रुपयों से भरा बैग छीन लिया और तेजी से फरार हो गए। पूरी घटना कुछ ही पलों में हो गई।
हापुड़ जिले में नेशनल हाईवे-09 पर सोमवार को दोपहर के समय बाइक सवार दो हथियारबंद बदमाशों ने एक व्यापारी के मुनीम से 85 लाख रुपये लूट लिए।#Hapur #HapurNews #Crime #CrimeNews #HapurPolice pic.twitter.com/oVSXlOMZtR
— khabarwala24 (@khabarwala24) December 15, 2025
पुलिस की कार्रवाई क्या है?
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हलचल मच गई। अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित मुनीम अजयपाल सिंह से पूरी घटना का ब्यौरा लिया। पुलिस ने तुरंत बदमाशों को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया है। हाईवे पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि मुनीम पैसे लेकर गाजियाबाद लौट रहे थे, तभी यह लूट हुई। मामले की गहन जांच चल रही है और जल्द ही बदमाशों तक पहुंचने की उम्मीद है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


