Khabarwala 24 News Hapur: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने समाज को झकझोर दिया है। नगर क्षेत्र के पीरबाउद्दीन मोहल्ले की 17 वर्षीय कक्षा 12वीं की छात्रा ने लगातार चार वर्षों से चले आ रहे यौन उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर 3 फरवरी 2025 को तेजाब पी लिया। लंबे इलाज के बाद 18 फरवरी 2025 को मेरठ मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला (Hapur )
मृतका की मां ने एसपी को दी तहरीर में बताया कि मोहल्ले निवासी युवक कामिल पिछले चार साल से बहला-फुसलाकर उनकी बेटी के साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब परिवार को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने कामिल और उसके पिता भूरा को समझाया, लेकिन युवक ने रिश्ता तोड़ने से इनकार कर दिया। हाल के महीनों में कामिल ने किशोरी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने दबाव बनाकर शारीरिक उत्पीड़न भी जारी रखा। कामिल के पिता भूरा ने भी बेटे का साथ दिया, जिससे किशोरी अवसाद में चली गई। बदनामी और तनाव के डर से वह टूट चुकी थी।
किशोरी ने उपचार के दौरान तोड़ा दम (Hapur )
3 फरवरी 2025 को स्थिति बेकाबू हो गई और किशोरी ने घर पर तेजाब पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार ने पहले स्थानीय डॉक्टर के पास ले जाया, फिर 4 फरवरी को अनवरपुर के निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां दो सप्ताह तक इलाज चला, लेकिन हालत गंभीर होने पर 17 फरवरी को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां भर्ती के अगले दिन 18 फरवरी को छात्रा ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच (Hapur )
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी दोषी पाया गया उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


