हापुड़, 7 दिसंबर (khabarwala24)। दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता के साथ ससुराल वालों ने मारपीट की और जान से मारने की कोशिश की। पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया है कि ससुर बृजमोहन अग्रवाल ने उनकी बेटी से अवैध संबंध बनाने की कोशिश की और नाकाम रहने पर उसका लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया।
शादी में खर्च किए थे 4.20 करोड़ रुपये
पीड़िता के पिता एक जाने-माने व्यापारी हैं। उन्होंने बताया कि 28 जून 2021 को अपनी बेटी की शादी बड़े धूमधाम से रामनगर स्थित रिसॉर्ट फार्म में बुलंदशहर के सूर्यांश अग्रवाल के साथ की थी। इस शादी में करीब साढ़े चार करोड़ रुपये खर्च हुए थे। लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद दहेज के लिए बहू को ताने देना और मारपीट शुरू हो गई।
पति, सास, ननद और ससुर ने मिलकर की प्रताड़ना
आरोप है कि पति सूर्यांश अग्रवाल, ससुर बृजमोहन अग्रवाल, सास मीनाक्षी अग्रवाल, ननद नेहा अग्रवाल, पलक गर्ग और पंखुडी शेखर ने मिलकर बहू को दहेज के नाम पर परेशान करना शुरू कर दिया। इस दौरान पीड़िता ने एक बेटी को जन्म दिया, जिसका नाम तास्वी है और अब वह करीब 3 साल की हो गई है।
गर्भवती हालत में लात मारकर कराया गर्भपात
सबसे गंभीर आरोप ससुर और पति पर है। पिता का कहना है कि दोनों को पता था कि उनकी बेटी दो महीने की गर्भवती है, फिर भी उन्होंने पेट पर लात मारकर जबरन गर्भपात करा दिया। इसके अलावा 28 अक्टूबर 2025 को बहू को जान से मारने की कोशिश की गई, जिससे वह बेहोश हो गई थी।
पहले बुलंदशहर पुलिस ने नहीं सुनी थी बात
29 अक्टूबर 2025 को पीड़िता ने बुलंदशहर SSP को शिकायती पत्र दिया था और डायल-112 पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। लेकिन आरोपियों के दबाव के कारण न तो मुकदमा दर्ज हुआ और न ही मेडिकल कराया गया।
अब हापुड़ पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
आखिरकार पीड़ित पिता ने हापुड़ SP को प्रार्थना पत्र दिया। SP के आदेश पर हापुड़ देहात थाने में पति सूर्यांश समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट, गर्भपात कराने और जान से मारने की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी पाटनीश कुमार ने कहा कि जांच चल रही है और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
न्याय न मिला तो आत्मदाह की चेतावनी
पीड़ित पिता ने गुहार लगाई है कि अगर उनकी बेटी को इंसाफ नहीं मिला तो वह पूरे परिवार के साथ लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्मदाह कर लेंगे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


