Gorakhpur News Khabarwala24News Gorakhpur : यूपी के जनपद गाजियाबाद की डासना जेल में बंद कुख्यात माफिया चंदन सिंह और उसके गुर्गों पर चिलुआताल पुलिस ने हत्या के मुकदमे के वादी को धमकी देने और रेकी कराने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
क्या है मामला
चिलुआताल के काजीपुर निवासी मुकेश सिंह ने एसएसपी को लिखे पत्र में बताया कि 13 नवम्बर 2012 की शाम को चंदन सिंह और उसके साथियों ने उसके चाचा संतोष सिंह की डोहरिया बाजार में गोली मारकर हत्या कर दी थी। मुकेश ने चिलुआताल थाने में चंदन पर मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमे का ट्रायल अपर सत्र न्यायालय में चल रहा है। पेशी से भाग जाने के कारण ट्रायल की पत्रावली अलग कर दी गई, जिसमें साक्ष्य के लिए 23 जून की तारीख तय हुई थी।

वादी को दी जान से मारने की धमकी
बताया कि एक हत्या के केस में चंदन को आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है। साथ ही हाईकोर्ट ने उसकी जमानत खारिज कर दी है। आरोप है कि चंदन के गैंग के सदस्य पीड़ित को जान से मारने की धमकी दे रहे है और रेकी भी कर रहे हैं। मुकेश की शिकायत का संज्ञान लेकर एसएसपी ने पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया। पुलिस ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर चंदन और उसके गुर्गों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इस मामले की जांच की जा रही है।
चंदन के खिलाफ दर्ज हैं 48 से ज्यादा मुकदमें
आपको बता दें कि चंदन सिंह गोरखपुर के कई हॉस्पिटल संचालकों और व्यापारियों से रंगदारी मांग चुका है। वह इस समय गाजियाबाद के डासना जेल में निरुद्ध है। बीच में वह जेल से किताब लिख रहा था। लंबे समय बाद एक बार फिर चंदन पर केस दर्ज हुआ है। उसके पर 48 से ज्यादा मुकदमें बताए जा रहे हैं।



