वडोदरा, 1 फरवरी (khabarwala24)। यूपी वॉरियर्स ने विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 के 20वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए महज 123 रन का टारगेट दिया है।
रविवार को बीसीए स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी यूपी वॉरियर्स की टीम ने 8 विकेट खोकर 122 रन बनाए।
इस टीम ने पहली ही गेंद पर कप्तान मैग लेनिंग (0) का विकेट गंवा दिया था। यहां से चार्ली नॉट ने दीप्ति शर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही वॉरियर्स फिर से लड़खड़ा गई।
चार्ली 12 गेंदों में 2 चौकों के साथ 12 रन बनाकर आउट हुईं। कुछ देर बाद दीप्ति शर्मा भी पवेलियन लौट गईं, जिन्होंने 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 24 रन की पारी खेली।
इसके बाद सिमरन शेख ने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए पारी को संभालने की कोशिश की। उन्होंने 14 गेंदों में 3 चौकों के साथ 22 रन बनाए। इनके अलावा, आशा जॉय ने 13 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
मेग लैनिंग की कप्तानी में यूपी वारियर्स सिमरन शेख, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, शिप्रा गिरी (विकेटकीपर), डिएंड्रा डॉटिन, चार्ली नॉट, सोफी एक्लेस्टोन, आशा शोभना जॉय, शिखा पांडे और क्रांति गौड़ के साथ मैदान पर उतरी है।
वहीं, जेमिमा रोड्रिगेज की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स शेफाली वर्मा, लिजेल ली (विकेटकीपर), लौरा वोल्वार्ड्ट, मारिजैन कप्प, चिनले हेनरी, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, मिन्नू मणि, श्री चरणी और नंदिनी शर्मा के साथ यह मैच खेल रही है।
दिल्ली कैपिटल्स ने अब तक 7 में से 3 मुकाबले जीते हैं। यह टीम प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर मौजूद है। दूसरी ओर, यूपी वॉरियर्स ने 7 में से 5 मुकाबले गंवाए हैं। वॉरियर्स सबसे निचले स्थान पर है। आरसीबी 8 में से 6 मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश कर चुकी है। गुजरात जायंट्स ने 8 में से 5 मैच अपने नाम करते हुए एलिमिनेटर मुकाबले में जगह बना ली है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


