नई दिल्ली, 2 मार्च (khabarwala24)। टीम इंडिया ने रविवार को वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है। कैरेबियाई टीम से मिले 196 रनों के लक्ष्य को भारतीय टीम ने 5 विकेट खोकर 19.2 ओवर में हासिल किया। भारतीय टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने पर पूरे देश में जश्न मनाया जा रहा है। फैंस टीम के प्रदर्शन से काफी खुश हैं। बंगाल क्रिकेट संघ के पूर्व अध्यक्ष स्नेहाशीष गांगुली ने भी संजू सैमसन की उम्दा पारी की सराहना की।
स्नेहाशीष गांगुली ने कहा कि यह एक शानदार मुकाबला था और भारतीय टीम ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि 196 रनों के लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं होता है। हालांकि, संजू सैमसन ने धमाकेदार पारी खेलते हुए जीत में अहम योगदान दिया।
महाराष्ट्र में फैंस भारतीय टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने से काफी खुश दिखाई दिए। फैंस ने संजू सैमसन की 97 रनों की नाबाद पारी की जमकर सराहना की। एक फैन ने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि भारतीय टीम फाइनल में पहुंचने में सफल रहेगी और खिताबी मुकाबले में सूर्या की सेना साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी। वहीं, एक फैन ने भारतीय टीम को अपने गेंदबाजी अटैक में सुधार करने की सलाह दी।
उत्तर प्रदेश के संभल में लोगों ने गाने बजाकर डांस करते हुए टीम इंडिया की इस जीत का जश्न मनाया। फैंस एक-दूसरे को गुलाल लगाकर दो दिन पहले ही होली मनाते हुए भी नजर आए।
सुपर 8 के आखिरी मैच में भारत के वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराने पर टीएमसी एमएलए बाबुल सुप्रियो ने कहा, “मुझे लगता है कि यह वैसा मैच था जिसकी हम सभी को उम्मीद थी और जिसे हम देखना पसंद करेंगे। सब कुछ अच्छा खत्म हुआ। वेस्टइंडीज ने एक बड़ा टोटल बनाया, बीच में कुछ डरावने पल भी आए। भारत कुछ कैच छूटने से थोड़ा लकी रहा, लेकिन आखिर में, यह वन-मैन शो था। संजू सैमसन का प्रदर्शन बिल्कुल शानदार था।”
भारत का मुकाबला देखने ईडन गार्डन्स स्टेडियम पहुंचने भारतीय फैंस ने कहा, “भारत ने आज बहुत शानदार खेल दिखाया। यह मैच सेमीफाइनल के जैसा ही था। हम फाइनल भी जीतेंगे।”
पटना में भारत की जीत का जश्न मना। यहां की सड़कों पर ‘भारत माता की जय’ और ‘इंडिया-इंडिया’ के नारे लगे। फैंस ने उम्मीद जताई है कि भारत एक बार फिर विश्व कप खिताब अपने नाम करेगा। नौशाद आलम ने कहा, “खिलाड़ियों को सैसमन से सीख लेनी चाहिए। भारत यकीनन इस विश्व कप को अपने नाम करेगा। हमें उनसे सेमीफाइनल में भी शानदार पारी की उम्मीद है।”
वेस्टइंडीज के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबले में संजू सैमसन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों में 97 रनों की नाबाद पारी खेली। संजू की दमदार पारी के बूते टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज से मिले 196 रनों के लक्ष्य को 19.2 ओवर में चेज कर लिया। सेमीफाइनल में टीम इंडिया की भिड़ंत अब 5 मार्च को इंग्लैंड से होगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


