कैंडी, 20 फरवरी (khabarwala24)। टी20 विश्व कप का आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और ओमान के बीच कैंडी के पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए ओमान की टीम 104 रन पर सिमट गई।
मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया को हराने का दावा करने वाली ओमान की टीम टॉस गंवाकर जब पहले बल्लेबाजी करने उतरी तो ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने उसके बल्लेबाजों के पांव कांपते नजर आए। शून्य के स्कोर पर पहला विकेट खोने वाली ओमान ने लगातार विकेट खोए और पूरी टीम 16.2 ओवर में 104 रन पर सिमट गई।
ओमान के लिए वसीम अली शीर्ष स्कोरर रहे। वसीम ने 33 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 32 रन की पारी खेली। इसके अलावा, कप्तान जतिंदर सिंह ने 17, हम्माद मिर्जा ने 16 और करण सोनावाले ने 12 रन बनाए। अन्य कोई भी बल्लेबाज दो अंक में प्रवेश नहीं कर पाया।
ऑस्ट्रेलिया के लिए एडम जांपा एक बार फिर श्रेष्ठ गेंदबाज बनकर उभरे। दाएं हाथ के इस स्पिनर ने 3.2 ओवरों में 21 रन देकर 4 विकेट लिए। इसके अलावा बल्ले से पूरे टूर्नामेंट में प्रभावहीन रहे ग्लेन मैक्सवेल ने 3 ओवर में 13 रन देकर 2 विकेट लिए।
जेवियर बार्टलेट ने 4 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट लिए। मार्कस स्टॉयनिस और नाथन एलिस ने 1-1 विकेट लिए।
ऑस्ट्रेलिया अपने पहले तीन मैचों में जिम्बाब्वे और श्रीलंका के खिलाफ हारकर पहले ही सुपर-8 से बाहर हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया के लिए ओमान के खिलाफ चल रहा मैच उसकी प्रतिष्ठा से जुड़ा हुआ है। ऑस्ट्रेलियाई टीम 105 रन के लक्ष्य को जल्द से जल्द हासिल कर ओमान पर बड़ी जीत हासिल करने की कोशिश करेगी।
वहीं, ओमान का विश्व कप में प्रदर्शन प्रभावी नहीं रहा है। ओमान ने भी पिछले तीन मैचों में एक भी जीत हासिल नहीं की है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


