किंग्सटन, 22 मार्च (khabarwala24)। ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही 3 मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। रविवार को अर्नोस वेले स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को 17 रन से हरा दिया।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाए थे। एलिस पेरी ने 28 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से सर्वाधिक 42 रन की पारी खेली। इसके अलावा पारी की शुरुआत करने आईं जॉर्जिया वॉल ने 23 गेंदों पर 6 चौकों और 1 छक्के की मदद से 39 और फोएबे लिचफील्ड ने 29 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 35 रन की पारी खेली। बेथ मूनी ने 17 रन बनाए।
वेस्टइंडीज की तरफ से डिएंड्रा डॉटिन, जाहजारा क्लेक्सटन, हेली मैथ्यूज, करिश्मा रामहरक और एफी फ्लेचर ने 1-1 विकेट लिए।
165 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। 13 के स्कोर पर टीम को सलामी बल्लेबाज कियाना जोसेफ के रूप में पहला झटका लगा। जोसेफ 11 रन बनाकर आउट हुईं। कप्तान मैथ्यूज और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आईं स्टेफनी टेलर ने दूसरे विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी के समय लग रहा था कि वेस्टइंडीज मैच जीत सकती है, लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही वेस्टइंडीज को लगातार झटके लगे और टीम की रन गति रुक गई। वेस्टइंडीज 20 ओवर में 4 विकेट पर 147 रन ही बना सकी और 17 रन से हार गई।
मैथ्यूज ने 41 गेंदों पर 3 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 56 रन बनाए। टेलर ने 22 रन बनाए। डिएंड्रा डॉटिन 28 गेंद पर 2 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 39 रन बनाकर नाबाद रहीं, लेकिन टीम को मैच नहीं जीता सकीं।
ऑस्ट्रेलिया के लिए अलाना किंग ने 2 और जॉर्जिया वॉरहम ने 1 विकेट लिए। अलाना किंग प्लेयर ऑफ द मैच रहीं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


