राजकोट, 5 मार्च (khabarwala24)। भारत और इंग्लैंड के बीच गुरुवार को टी20 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल मुकाबला मुंबई के वानखड़े स्टेडियम में खेला जाना है। इस अहम मैच को लेकर पूरे देश में क्रिकेट प्रेमियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की बहन नैना जडेजा को उम्मीद है कि टीम इंडिया एक बार फिर विश्व कप खिताब अपने नाम करेगी।
नैना जडेजा ने khabarwala24 से कहा, “भारतीय टीम इस समय काफी अच्छी फॉर्म में है। टीम एक बार फिर टी20 वर्ल्ड कप जीतकर देश का नाम रोशन करेगी। पूरे देश की तरह वे भी भारत की जीत के लिए प्रार्थना कर रही हैं।”
वहीं, क्रिकेट कोच सुखविंदर सिंह बावा ने भारत-इंग्लैंड के बीच इस सेमीफाइनल मैच को लेकर कहा, “गुरुवार को हम एक अच्छा मुकाबला देखेंगे, लेकिन जैसे ही इंडियन टीम सही समय पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी, मुझे उम्मीद है कि इंडिया मैच जीतेगा। मैं चाहता हूं कि सेमीफाइनल मैच खेलने के लिए वही टीम कॉम्बिनेशन हो।
उन्होंने अभिषेक शर्मा और बुमराह की तारीफ में कहा, “अभिषेक शर्मा अभी भी दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज हैं। इसके अलावा, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती हमारी टीम के ट्रंप कार्ड हैं। संजू सैमसन एक बड़े मैच के प्लेयर हैं, संजू सैमसन और जोफ्रा आर्चर का कोई मुकाबला नहीं है।”
भारतीय टीम ने अपने ग्रुप स्टेज के सभी चार मैच जीतकर सुपर-8 में प्रवेश किया था, जहां उसे साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी। इसके बाद भारत ने शानदार वापसी करते हुए जिम्बाब्वे को 72 रन और वेस्टइंडीज को 5 विकेट से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
दूसरी ओर, इंग्लैंड की टीम ने नेपाल के खिलाफ 4 रन के करीबी अंतर से मैच जीतकर अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत की, लेकिन अगले ही मुकाबले में उसे वेस्टइंडीज के खिलाफ 30 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी। यहां से इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड और इटली को मात देकर अगले दौर में प्रवेश किया। इस टीम ने सुपर-8 में श्रीलंका को 51 रन से हराने के बाद पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई है।
भारत और इंग्लैंड के बीच इस सेमीफाइनल मैच की विजेता टीम 8 मार्च को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में उतरेगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


