हुबली, 26 फरवरी (khabarwala24)। जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक के खिलाफ केएससीए हुबली क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी एलीट 2025-26 के फाइनल मुकाबले में अपनी पकड़ बना रखी है। पहली पारी में 584 रन बनाने के बाद जम्मू-कश्मीर ने तीसरे दिन की समाप्ति तक कर्नाटक के 5 विकेट निकाल लिए हैं। फिलहाल कर्नाटक 364 रन से पीछे है।
मुकाबले के तीसरे दिन बल्लेबाजी के लिए उतरी कर्नाटक की टीम ने 69 ओवरों के खेल तक 5 विकेट खोकर 220 रन बना लिए हैं। केएल राहुल ने मयंक अग्रवाल के साथ 11.2 ओवरों में 27 रन की साझेदारी की। केएल 39 गेंदों में 2 चौकों के साथ महज 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद मयंक अग्रवाल ने देवदत्त पड्डिकल के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 रन जुटाते हुए टीम को 56 के स्कोर तक पहुंचाया।
16.1 ओवर में टीम को कप्तान देवदत्त पड्डिकल (11) के रूप में दूसरा झटका लगा। टीम ने 18वें ओवर की अंतिम दो गेंदों पर करुण नायर (0) और स्मरण रविचंद्रन (0) का विकेट खो दिया।
आलम ये रहा कि कर्नाटक 57 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा चुका था। यहां से श्रेयस गोपाल ने मयंक अग्रवाल के साथ पांचवें विकेट के लिए 105 रन जुटाते हुए टीम को 162 के स्कोर तक पहुंचा दिया। श्रेयस गोपाल 27 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद मयंक अग्रवाल ने कृतिक कृष्णा के साथ छठे विकेट के लिए 58 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 200 के पार पहुंचाया।
फिलहाल मयंक अग्रवाल 17 चौकों के साथ 130 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि कृष्णा ने 2 चौकों के साथ 27 रन अपने खाते में जोड़ लिए हैं। जम्मू-कश्मीर की तरफ से आकिब नबी डार ने 14 ओवरों में 32 रन देकर 3 विकेट हासिल किए हैं, जबकि सुनील कुमार और युद्धवीर सिंह चरक ने 1-1 विकेट निकाला।
इससे पहले, टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम ने पहली पारी में 584 रन बनाए। शुभम पुंडीर और यावर हसन ने दूसरे विकेट के लिए 139 रन की साझेदारी की। यावर 88 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद शुभम ने अब्दुल समद के साथ चौथे विकेट के लिए 124 रन जुटाकर टीम को मजबूती दी।
शुभम ने 14 बाउंड्री के साथ 121 रन की पारी खेली, जबकि अब्दुल समद ने 61 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इनके अलावा, कप्तान पारस डोगरा ने 70 रन, जबकि साहिल लोत्रा ने 72 रन बनाए। विपक्षी खेमे से प्रसिद्ध कृष्णा ने 98 रन देकर 5 विकेट निकाले, जबकि विद्याधर पाटिल, विजयकुमार वैशाक, श्रेयस गोपाल और शिखर शेट्टी ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


