नई दिल्ली, 17 मार्च (khabarwala24)। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को सम्मानित किया, जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की खिताबी जीत के नायक रहे थे। सीएम पिनाराई विजयन ने सोमवार (16 मार्च) को अपने सरकारी आवास ‘क्लिफ हाउस’ में संजू सैमसन को आमंत्रित किया था।
संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 5 मैच खेले, जिसमें 80.25 की औसत के साथ 321 रन बनाए। वह टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में तीसरे स्थान पर रहे। सैमसन ने नामीबिया के खिलाफ 22 रन और जिम्बाब्वे के विरुद्ध 24 रन की पारी खेली। इसके बाद उनके प्लेइंग इलेवन में खेलने पर सवाल खड़े होने लगे, लेकिन संजू ने वेस्टइंडीज के विरुद्ध निर्णायक सुपर-8 मैच में नाबाद 97 रन की पारी खेलकर टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया।
सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड के खिलाफ संजू सैमसन ने 89 रन की पारी खेली और भारत की जीत के हीरो बने। उनकी इस पारी के साथ भारत ने फाइनल में प्रवेश किया, जहां न्यूजीलैंड के खिलाफ संजू ने 89 रन बनाकर भारत को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई।
इस समारोह में 31 वर्षीय संजू पारंपरिक पोशाक पहनकर आए थे, उन्हें मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने एक यादगार तोहफा दिया, जिस पर लिखा था, “हम संजू विश्वनाथ सैमसन को सलाम करते हैं।” इस यादगार तोहफे में टूर्नामेंट के नॉकआउट दौर में संजू की अहम पारियों (97*, 89, 89) का जिक्र है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सीएम विजयन ने कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “कल (सोमवार) क्लिफ हाउस में भारत के गौरव और केरल के अपने खिलाड़ी, संजू सैमसन की मेजबानी करके मुझे बहुत खुशी हुई। मैंने उन तक केरल के लोगों का गहरा प्यार और खुशी पहुंचाई। उम्मीद है कि वे अपनी हाल की उपलब्धियों से ताकत हासिल करेंगे और नई ऊंचाइयों को छूते रहेंगे। उन्हें मेरी तरफ से बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”
विश्व कप खिताब जीतने के बाद संजू सैमसन अब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तैयारियों में जुट गए हैं, जहां इस सीजन में वह टूर्नामेंट की पांच बार की चैंपियन टीम चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के साथ अपना डेब्यू करेंगे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


