ऑकलैंड, 23 मार्च (khabarwala24)। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपने घरेलू टी20 क्रिकेट ढांचे में बड़ा बदलाव करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। बोर्ड ने 21 साल पुराने सुपर स्मैश टूर्नामेंट को नए रूप में फिर से शुरू करने के लिए प्रस्तावित ‘एनजेड20’ फ्रेंचाइजी लीग को प्राथमिक विकल्प के तौर पर चुना है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने साफ किया कि यह अभी अंतिम फैसला नहीं है, लेकिन इससे ‘एनजेड20’ लीग के साथ आगे बातचीत करने का रास्ता खुल गया है। बोर्ड अब इस नई लीग के लिए कमर्शियल, स्ट्रक्चर और गवर्नेंस से जुड़े जरूरी पहलुओं पर काम करेगा। अगर सभी शर्तें संतोषजनक रहीं, तो ‘एनजेड20’ लीग को आधिकारिक रूप से शुरू किया जा सकता है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड की चेयरपर्सन डायना पुकेतापु-लिंडन ने कहा कि यह फैसला काफी सोच-समझकर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बोर्ड ने दो बड़े विकल्पों पर चर्चा की—एक था ऑस्ट्रेलिया की महिला बिग बैश लीग में संभावित विस्तार और दूसरा ‘एनजेड20’ लीग का प्रस्ताव। सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद ‘एनजेड20’ को बेहतर विकल्प माना गया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि पुराने सुपर स्मैश टूर्नामेंट को नए अंदाज में पेश किया जाए, ताकि इसे और आकर्षक और प्रतिस्पर्धी बनाया जा सके। इस प्रक्रिया में विशेषज्ञों की रिपोर्ट, जैसे डेलॉइट की सलाह और क्रिकेट से जुड़े लोगों की राय को भी ध्यान में रखा गया है।
हालांकि, अंतिम मंजूरी से पहले ‘एनजेड20’ प्रस्ताव में कुछ बदलाव जरूरी होंगे। न्यूजीलैंड क्रिकेट चाहता है कि इस नई लीग में महिलाओं की घरेलू टी20 प्रतियोगिता को भी शामिल किया जाए और उसे बराबर महत्व मिले। इसके साथ ही टीमों का क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व भी सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि स्थानीय फैंस अपने खिलाड़ियों को करीब से देख सकें।
बोर्ड के लिए यह भी अहम है कि लीग की प्रभुत्व, कंट्रोल और इक्विटी का ढांचा पारदर्शी और संतुलित हो। न्यूजीलैंड क्रिकेट का मानना है कि उनकी ब्रांड वैल्यू अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी मजबूत है, जिसे आईसीसी टूर्नामेंट्स में शानदार प्रदर्शन से और बढ़ावा मिला है।
न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम (व्हाइट फर्न्स) मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन है, जबकि न्यूजीलैंड की पुरुष टीम (ब्लैककैप्स) हाल ही में टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल तक पहुंची थी। पुकेटापु-लिंडन ने कहा कि यह न्यूजीलैंड क्रिकेट के लिए एक रोमांचक दौर है और बोर्ड ऐसे फैसले लेना चाहता है जो खेल के भविष्य के लिए सबसे बेहतर हों।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


