नई दिल्ली, 10 फरवरी (khabarwala24)। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने अपनी पत्नी रिवाबा जडेजा के साथ मंगलवार को नई दिल्ली में पार्लियामेंट हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। जडेजा ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दी है।
रवींद्र जडेजा ने एक्स पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलना और बातचीत करना बहुत गर्व और सम्मान की बात है। उनके विचारों की स्पष्टता, उत्साह और बेहतरीन काम के लिए प्रतिबद्धता बहुत प्रेरणा देने वाली है। ऐसे नेतृत्व से सीखना गर्व की बात है।”
रिवाबा जडेजा ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की तस्वीरें अपने एक्स अकाउंट पर साझा की हैं। तस्वीरों को साझा करते हुए उन्होंने लिखा, “सिर्फ एक मीटिंग नहीं, बल्कि गर्व का पल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत। एक ऐसे नेता जो भारत, इसकी संस्कृति और इसके भविष्य के लिए मजबूती से खड़े हैं। भारत आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।”
रिवाबा 2022 गुजरात विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर जामनगर उत्तर सीट से विधायक बनीं थीं। वह गुजरात सरकार में प्राथमिक, माध्यमिक और वयस्क शिक्षा राज्य मंत्री हैं।
अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा इस समय क्रिकेट से दूर हैं। टी20 विश्व कप 2024 में भारतीय टीम के चैंपियन बनने के बाद उन्होंने इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया था। सिर्फ वनडे और टेस्ट फॉर्मेट खेलने वाले जडेजा मौजूदा समय में टीम इंडिया के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं।
बीसीसीआई द्वारा हाल में 2026-27 के लिए केंद्रीय अनुबंध का ऐलान किया है। ए ग्रेड में शुभमन गिल और जसप्रीत बुमराह के साथ जडेजा तीसरे खिलाड़ी हैं।
37 साल के जडेजा ने भारत की तरफ से 89 टेस्ट, 210 वनडे और 74 टी20 मैच खेले हैं। टेस्ट में 4,095 रन और 348 विकेट, वनडे में 2,905 रन और 232 विकेट और टी20 में 515 रन और 54 विकेट दर्ज हैं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


