नई दिल्ली, 1 मार्च (khabarwala24)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को साउथ अफ्रीका की भिड़ंत जिम्बाब्वे के साथ होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। यह मैच दोपहर 3:00 बजे से रात 8:00 बजे तक आयोजित होगा, जबकि दर्शकों की आवाजाही को देखते हुए दोपहर 12:00 बजे से रात 10:00 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। सुरक्षा और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने स्टेडियम और उसके आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक डायवर्जन और प्रतिबंध लागू करने की घोषणा की है।
आवश्यकता के अनुसार बहादुरशाह जफर मार्ग और जेएलएन मार्ग पर यातायात डायवर्जन किया जाएगा। दरियागंज से बहादुरशाह जफर मार्ग तथा गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। दोपहर 12:00 बजे से रात 10:00 बजे तक दर्शकों की आवाजाही के दौरान इन सड़कों से बचने की सलाह दी गई है।
इस बीच जेएलएन मार्ग: (राजघाट से दिल्ली गेट होते हुए कमला मार्केट राउंडअबाउट तक), आसफ अली रोड: (तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक),बहादुरशाह जफर मार्ग: (दिल्ली गेट से रामचरण अग्रवाल चौक तक), नई दिल्ली रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को बहादुरशाह जफर मार्ग और आईटीओ चौक पर संभावित भारी ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए पहले से यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
साउथ अफ्रीका की टीम पहले ही सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर चुकी है। प्रोटियाज टीम ने सुपर-8 राउंड के अपने पहले दोनों ही मुकाबलों में जीत दर्ज की है। पहले मैच में टीम ने भारत को 76 रनों से हराया था। वहीं, दूसरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से रौंदा था।
दूसरी ओर, जिम्बाब्वे की टीम पहले ही सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो चुकी है। ऐसे में टीम टूर्नामेंट का अंत जीत के साथ करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। जिम्बाब्वे ने टी20 फॉर्मेट में आज तक साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत दर्ज नहीं की है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


