नई दिल्ली, 6 मार्च (khabarwala24)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड की भिड़ंत 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में भारत से होगी। न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराते हुए टूर्नामेंट के इतिहास में दूसरी बार खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया है। कीवी टीम के गेंदबाजों का प्रदर्शन इस विश्व कप में दमदार रहा है। हालांकि, टीम के बल्लेबाजी क्रम में कुछ खामियां नजर आई हैं।
न्यूजीलैंड के टॉप ऑर्डर ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दमदार प्रदर्शन किया है। टिम सीफर्ट टीम को अच्छी शुरुआत देने में सफल रहे हैं। सीफर्ट 7 मुकाबलों में अब तक 161 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 274 रन बना चुके हैं। वहीं, फिन एलन ने सेमीफाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ महज 33 गेंदों में शतक लगाया था। एलन 7 मुकाबलों में 203 के स्ट्राइक रेट से 289 रन बना चुके हैं।
रचिन रविंद्र इस विश्व कप में अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। रचिन ने 8 मुकाबलों में 136 के मामूली स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 128 रन बनाए हैं। हालांकि, रचिन का प्रदर्शन गेंद से बढ़िया रहा है और वह 11 विकेट निकाल चुके हैं। ग्लेन फिलिप्स ने नंबर चार की पोजीशन पर न्यूजीलैंड के लिए अच्छा काम किया है। फिलिप्स 8 मुकाबलों में 160 के स्ट्राइक रेट से 176 रन बना चुके हैं।
हालांकि, न्यूजीलैंड के लिए समस्या यह है कि टीम के मध्यक्रम का प्रदर्शन टूर्नामेंट में निराशाजनक रहा है। मार्क चैपमैन और डेरिल मिचेल बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके हैं। चैपमैन 8 मुकाबलों में सिर्फ 91 रन ही बना सके हैं। वहीं, मिचेल ने 8 मुकाबलों में 118 के स्ट्राइक रेट से 63 रन ही बनाए हैं। न्यूजीलैंड के साथ सबसे बड़ी दिक्कत यह रही है कि टॉप ऑर्डर के विफल होने पर टीम की पारी बुरी तरह से लड़खड़ा जाती है। सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टिम सीफर्ट (58) और फिन एलन ने 33 गेंदों में शतक लगाकर मैच को एकतरफा कर दिया था। हालांकि, अगर फाइनल में ये दोनों बल्लेबाज जल्दी आउट हो गए, तो न्यूजीलैंड टीम मुश्किल में फंस सकती है।
न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने इस विश्व कप में बढ़िया प्रदर्शन किया है। मैट हेनरी ने रनों पर लगाम लगाने के साथ-साथ विकेट भी निकाले हैं। उनका इकोनॉमी 7.59 का रहा है। लॉकी फर्ग्यूसन अपनी रफ्तार के दम पर बल्लेबाजों को परेशान करने में सफल रहे हैं। वहीं, स्पिन विभाग में कप्तान मिचेल सैंटनर का रचिन रविंद्र ने बढ़िया साथ निभाया है। रचिन ने न्यूजीलैंड की तरफ से इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक 11 विकेट निकाले हैं। सैंटनर भले ही ज्यादा विकेट चटकाने में नाकाम रहे हों, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उनका इकोनॉमी महज 6.33 का रहा है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


