वेलिंगटन, 22 मार्च (khabarwala24)। न्यूजीलैंड की बल्लेबाज अमेलिया केर ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। अमेलिया टी20 इंटरनेशनल में, पुरुषों और महिलाओं, दोनों के क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा 30 से अधिक स्कोर बनाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ चौथा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला जीतकर न्यूजीलैंड ने पांच मुकाबलों की सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।
अमेलिया केर ने वेलिंगटन में खेले गए चौथे टी20 में 29 गेंदों पर 31 रन बनाकर अपनी शानदार निरंतरता को जारी रखा। इससे पहले उन्होंने चार ओवरों के स्पेल में 32 रन देकर एक विकेट निकाला, जिसके दम पर न्यूजीलैंड की टीम साउथ अफ्रीका को 159 के स्कोर पर रोकने में सफल रही।
अमेलिया के हरफनमौला प्रदर्शन ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस 25 वर्षीय खिलाड़ी ने अब लगातार 10 टी20 इंटरनेशनल पारियों में 30 या उससे ज्यादा रन बनाते हुए नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। उन्होंने पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया है, जो संयुक्त रूप से श्रीलंका की चमारी अटापट्टू और रोमानिया की रेबेका ब्लेक के नाम था।
अमेलिया केर का प्रदर्शन इस सीरीज में भी शानदार रहा है। उन्होंने निरंतरता के साथ हर मुकाबले में बल्ले से अहम योगदान दिया है। अमेलिया के रनों का यह सिलसिला 2024 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 38 गेंदों पर 43 रन बनाकर शुरू हुआ, जिसके बाद 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 46 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए। फिर उन्होंने उसी सीरीज में 36 गेंदों पर 40 और 47 गेंदों पर 66 रन बनाए। इसके बाद 2026 में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने 51 गेंदों पर नाबाद 101 रन बनाकर अपने करियर की सबसे यादगार पारी खेली।
दाएं हाथ की बल्लेबाज ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 52 गेंदों पर 82 रन बनाकर अपना दबदबा कायम रखा। इसके बाद वह मौजूदा सीरीज में साउथ अफ्रीका का सामना करने उतरीं, जहां उन्होंने 44 गेंदों पर 78, 18 गेंदों पर 32, 28 गेंदों पर 30 और 29 गेंदों पर 31 रन बनाए और इस तरह लगातार 10 पारियों में 30 से अधिक रन बनाने का सिलसिला जारी रखा । 11 मैचों की इन 10 पारियों में केर ने 142 के शानदार स्ट्राइक रेट से कुल 554 रन बनाए हैं। अपनी बैटिंग की काबिलियत के अलावा उन्होंने गेंद से भी कमाल दिखाया है। अमेलिया केर ने 6.74 की इकोनॉमी रेट से 12 विकेट लिए हैं, जिससे एक बेहतरीन ऑलराउंडर के तौर पर उनकी अहमियत साबित होती है।
रविवार को वेलिंगटन में खेले गए चौथे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 159 रन लगाए। एनेरी डेर्कसेन ने प्रोटियाज टीम की ओर से सर्वाधिक 32 गेंदों में 55 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि सुने लुस ने 30 रनों का योगदान दिया। हालांकि, 160 रनों के लक्ष्य को न्यूजीलैंड ने 18.3 ओवर में सिर्फ 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम की तरफ से सोफी डिवाइन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों में 64 रनों की दमदार पारी खेली।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


