इंदौर, 18 जनवरी (khabarwala24)। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की धमाकेदार शतकीय पारियों की मदद से न्यूजीलैंड ने इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में भारतीय टीम को जीत के लिए 338 रन का लक्ष्य दिया है।
सीरीज के तीसरे और निर्णायक मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलायी थी और 5 के स्कोर पर 2 और 58 के स्कोर पर 3 विकेट गिराकर न्यूजीलैंड को संकट में डाल दिया था। यहां से डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने मोर्चा संभाला और चौथे विकेट के लिए 219 रन की बेहतरीन साझेदारी कर टीम का स्कोर 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 337 तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई। आखिरी कुछ ओवरों में उम्मीद के मुताबिक रन नहीं बने, नहीं तो कुल स्कोर 360 के ऊपर जा सकता था।
डेरिल मिचेल ने अपने वनडे करियर का नौवां शतक लगाया। मिचेल का भारत के खिलाफ यह चौथा शतक और सीरीज में लगातार दूसरा शतक है। मिचेल ने 131 गेंद पर 3 छक्के और 15 चौके लगाते हुए 137 रन बनाए। ग्लेन फिलिप्स ने भी शतक लगाया। फिलिप्स के करियर का यह दूसरा शतक था। फिलिप्स ने 88 गेंद पर 9 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 106 रन की पारी खेली। विल यंग ने 30 और कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने नाबाद 28 रन बनाए।
भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने 3-3 विकेट लिए। हर्षित थोड़े महंगे रहे। उन्हें 10 ओवर में 84 रन पड़ गए। अर्शदीप ने 63 रन दिए। सिराज ने 10 ओवर में 43 रन देकर 1 और कुलदीप यादव ने 6 ओवर में 48 रन देकर 1 विकेट लिए। नितीश रेड्डी और रवींद्र जडेजा को विकेट नहीं मिला।
3 मैचों की सीरीज 1-1 से बराबरी पर है। इस मैच को जीतने वाला सीरीज का विजेता होगा।
Previous articleतमिलनाडु में 23 जनवरी को प्रधानमंत्री मोदी की रैली से होगा एनडीए के चुनावी कैंपेन का आगाज
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


