नई दिल्ली, 20 दिसंबर (khabarwala24)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के स्थापना दिवस के अवसर पर देश के शीर्ष नेतृत्व ने बल के जवानों को शुभकामनाएं देते हुए उनके साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा को सलाम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, ओडिशा के राज्यपाल, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया के जरिए जवानों को बधाई संदेश दिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “सशस्त्र सीमा बल के स्थापना दिवस पर, मैं इस फोर्स से जुड़े सभी जवानों को बधाई देता हूं। एसएसबी का अटूट समर्पण सेवा की सर्वोच्च परंपराओं को दिखाता है। उनकी कर्तव्यनिष्ठा हमारे देश की सुरक्षा का एक मजबूत स्तंभ है। मुश्किल इलाकों से लेकर चुनौतीपूर्ण ऑपरेशनल स्थितियों तक, एसएसबी हमेशा सतर्क रहती है। उनके आने वाले प्रयासों के लिए उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी एसएसबी के बहादुर जवानों को नमन करते हुए स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “राष्ट्र सेवा में सदैव तत्पर सशस्त्र सीमा बल के बहादुर जवानों को नमन। सशस्त्र सीमा बल के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।”
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा, “मां भारती की सीमाओं की रक्षा के लिए हर क्षण तत्पर रहने वाले एसएसबी के वीर जवानों को सशस्त्र सीमा बल के स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मातृभूमि के प्रति आपकी निष्ठा, सेवा एवं समर्पण का भाव अभिनंदनीय है और हम देशवासियों के लिए अनुकरणीय है। जय हिंद।”
ओडिशा के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति ने 62वें स्थापना दिवस के अवसर पर एसएसबी के शौर्य, समर्पण और निस्वार्थ सेवा को सलाम किया। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, “62वें एसएसबी स्थापना दिवस के अवसर पर हम सशस्त्र सीमा बल के शौर्य, समर्पण और निस्वार्थ सेवा को सलाम करते हैं, जो हमारी सीमाओं को सुरक्षित रखने और राष्ट्र की सेवा करने में लगे हैं। कर्तव्य के प्रति आपकी प्रतिबद्धता हम सभी को प्रेरित करती है।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी एसएसबी को सेवा, सुरक्षा और समर्पण का जीवंत प्रतीक बताया। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “सेवा, सुरक्षा और समर्पण के जीवंत प्रतीक सशस्त्र सीमा बल के स्थापना दिवस की सभी वीर जवानों एवं उनके परिजनों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के लिए आपकी निष्ठा वंदनीय है। जय हिंद।”
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


