लखीसराय, 30 अक्टूबर (khabarwala24)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुरुवार को लगातार दूसरे दिन बिहार में चुनावी प्रचार मैदान में उतरे। उन्होंने लखीसराय में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राजद शासनकाल को जंगलराज बताते हुए जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि जिस बिहार को लालू यादव ने अपराध का अड्डा बनाया था, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उसे जंगलराज से बाहर निकालकर विकास का पर्याय बना रहे हैं। उन्होंने लखीसराय में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 2005 के पहले पूरा बिहार जंगलराज की चपेट में था। तब अपहरण होता था और खून बहाया जाता था। इस चुनाव में आपका एक-एक वोट नक्सलवाद, आतंकवाद और जंगलराज समाप्त करने के लिए होगा।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव विकसित बिहार बनाने का चुनाव है। उन्होंने कहा, “छह नवंबर को मतदान है। आप सभी को कमल और तीर के निशान पर बटन दबाना है। लेकिन आप ऐसा सोचकर बटन मत दबाना कि आपके वोट से कोई विधायक या मंत्री बनेगा, बल्कि आप ये सोचकर वोट दीजिएगा कि आपका एक-एक वोट सीएम नीतीश और पीएम मोदी के नेतृत्व में बिहार को विकसित बनाने के लिए है। आपका एक-एक वोट जंगलराज को रोकने के लिए है।”
उन्होंने बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण बाबू की चर्चा करते हुए कहा कि कृष्ण बाबू ने ही 14 साल तक बिहार के विकास की नींव रखने का काम किया और श्रीकृष्ण बाबू के समय में ही बिहार भारत के प्रमुख राज्यों में से एक राज्य बना, जिसे आगे चलकर लालू-राबड़ी ने जंगलराज से बर्बाद कर दिया।
उन्होंने लखीसराय के सिंदूर और गुलाल की चर्चा करते हुए कहा कि लखीसराय का जो सिंदूर है, वो सिर्फ सिंदूर नहीं है, हमारी माताओं-बहनों के सौभाग्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम में मारे गए यात्रियों की मौत का बदला लेने के लिए जो ऑपरेशन चलाया, उसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम देकर हमारी माताओं-बहनों का सम्मान पूरे विश्व में बढ़ाया है।
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बुधवार के एक बयान की चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपमान करते-करते छठी मईया का अपमान कर दिया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता छठी मईया के अपमान का बदला जरूर लेगी। उन्होंने इस दौरान केंद्र सरकार और बिहार सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं और सीतामढ़ी में मां जानकी के भव्य मंदिर बनाने की भी चर्चा की।
–khabarwala24
एमएनपी/एएसी
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


