जयपुर, 19 फरवरी (khabarwala24)। राजस्थान विधानसभा में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। कांग्रेस विधायक रामकेश मीणा ने स्वास्थ्य मंत्री पर सदन को गुमराह करने का गंभीर आरोप लगाया।
रामकेश मीणा ने कहा कि सदन में प्रस्तुत जानकारी का मजाक उड़ाते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने यह दावा किया कि संबंधित जानकारी की पहले ही जांच हो चुकी है, जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने इसे सदन को भ्रमित करने का मामला बताते हुए कहा कि इस तरह की स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए सभी सदस्यों को मिलकर निर्णय लेना होगा।
रामकेश मीणा ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह जवाब देने से बचने का काम कर रही है और हर मुद्दे से बचकर निकलने की कोशिश कर रही है। सरकार भ्रष्टाचार के मुद्दों से ध्यान हटाकर जनता को गुमराह कर रही है और इस रवैये को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
वहीं, कांग्रेस विधायक रफीक खान ने भी सरकार के जवाबों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पूरे सदन को गलत जानकारी दी गई है और अखबारों में लगातार खबरें छप रही हैं कि कितने मरीजों को परेशानी हुई और कितने ऑपरेशन लंबित रह गए। यह बेहद गंभीर स्थिति है।
रफीक खान ने कहा कि जब उन्होंने क्रिटिकल केयर विभाग के बारे में सवाल पूछा तो मंत्री ने जवाब दिया कि मेडिसिन में क्रिटिकल केयर विभाग मौजूद नहीं है। उन्होंने इस जवाब को चिंताजनक बताते हुए सरकार पर असंवेदनशील होने का आरोप लगाया।
विधानसभा में उठे इन आरोपों के बाद राज्य में सरकारी जवाबदेही को लेकर बहस तेज हो गई है। विपक्ष ने सरकार पर पारदर्शिता की कमी और जनता के मुद्दों की अनदेखी का आरोप लगाया है, जबकि सत्तापक्ष की ओर से अभी तक इस पर विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


