नई दिल्ली, 19 मार्च (khabarwala24)। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय, 24 अकबर रोड पर प्रेस ब्रीफिंग में केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है और अब अभिव्यक्ति की आजादी पर सीधा हमला कर रही है।
सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, “आज केंद्र सरकार की कलई हर मोर्चे, आर्थिक, कूटनीतिक, राजनीतिक और सामाजिक पर खुल रही है। अमेरिका के दबाव में देश की संप्रभुता दांव पर लग गई है। उनकी विफल विदेश नीति से पाकिस्तान, रूस और चीन एक साथ खड़े हो गए हैं, लेकिन सवाल अब केवल विपक्ष नहीं, देश की आम जनता पूछ रही है। और ये सवाल सोशल मीडिया पर उठ रहे हैं, इसलिए सरकार सोशल मीडिया को कब्जाने की कोशिश कर रही है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि भारत में आज कई ‘एक्स’ प्लेटफॉर्म्स पर रोक लगा दी गई, जो सरकार की विफलताओं को उजागर करते थे। यूट्यूब चैनल्स सस्पेंड किए गए। नोएडा पुलिस ने गैस सप्लाई पर रिपोर्टिंग कर रहे यूट्यूबर को गिरफ्तार किया। इंस्टाग्राम, फेसबुक पर भी कई अकाउंट्स और रील्स बैन या डिलीट किए गए।
श्रीनेत ने आईटी एक्ट की धारा 69ए का दुरुपयोग बताते हुए कहा कि सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव के दो मंत्रालय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर दबाव डालकर कंटेंट हटा रहे हैं या अकाउंट्स ब्लॉक कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “अब कुछ बाबू तय करेंगे कि सोशल मीडिया पर क्या पोस्ट होगा, क्या नहीं। यह संविधान द्वारा दी गई अभिव्यक्ति की आजादी पर बड़ा हमला है। रुपया 93.36 तक गिर गया, लेकिन कोई डिबेट नहीं। सारे सवाल सोशल मीडिया पर उठ रहे हैं, इसलिए सरकार डर गई है।”
उन्होंने कहा, “10 अकाउंट बंद हुए तो 10,000 नए बनेंगे। अभिव्यक्ति की आजादी खैरात में नहीं मिली।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि ये अकाउंट्स कांग्रेस के नहीं हैं, कुछ ने कांग्रेस पर भी सवाल उठाए हैं, लेकिन गलत होने पर आवाज उठानी जरूरी है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि सवाल पूछते रहें, क्योंकि लोकतंत्र खतरे में है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


