कोलकाता, 16 फरवरी (khabarwala24)। पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और टीएमसी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए कहा कि एसआईआर का विरोध करके सीएम ममता बनर्जी ने अपनी नियत में खोट दिखा दिया है।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा सांसद मनोज तिवारी सोमवार को हुगली में थे, जहां उन्होंने एक सभा को संबोधित किया।
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि पिछली बार के विधानसभा चुनाव में जो कसर रह गई थी, उसे इस बार पूरा करना है। इस बार चुनाव में कोई कमी नहीं रहने देनी है। बंगाल की वर्तमान स्थिति को बदलने के लिए टीएमसी सरकार की विदाई बेहद जरूरी है।
उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सीएम ममता बनर्जी का एसआईआर विरोध करना उनका असली चेहरा सामने ला रहा है। एसआईआर कोई गलत या नई चीज नहीं है। इसका मकसद गलत या नकली वोटरों को हटाना, साजिश के तहत गलत तरीके से हटाए गए नामों को वापस लाना और मृतकों के नाम हटाना है। अगर किसी का पता बदल गया है तो चुनाव आयोग उसकी व्यवस्था ठीक कर रहा है, तो क्या दिक्कत है? अगर कोई विदेशी नागरिक धोखे से वोटर कार्ड बना ले तो वह कभी भारत का वोटर नहीं बन सकता।
भाजपा सांसद ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सीएम ममता बनर्जी जो दिखा रही हैं, वह दाल में काला नहीं, पूरी दाल ही काली है। यहां घुसपैठिए नहीं, बल्कि यहां की जनता सरकार बनाएगी। सभी वर्गों का सम्मान करते हुए एसआईआर का समर्थन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जो एसआईआर का समर्थन नहीं कर सकते हैं उनकी नियत में खोट है। तिवारी ने कहा कि सीएम ममता बनर्जी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और इस भ्रष्टाचार को खत्म किया जाना चाहिए। यह मेरी अपील है।
बाबरी मस्जिद को लेकर मनोज तिवारी ने कहा कि ऐसे लोगों के सपने कभी पूरे नहीं होंगे। पश्चिम बंगाल के लोग बाबर के नहीं हैं, बल्कि वे रघुबर के हैं, वे मां काली के हैं। पश्चिम बंगाल के लोग ऐसे लोगों को कड़ा जवाब देंगे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


