नई दिल्ली, 2 मार्च (khabarwala24)। ‘भारत कोकिला’ के नाम से प्रसिद्ध कवियित्री और शिक्षाविद सरोजिनी नायडू की पुण्यतिथि पर देशभर में उन्हें याद किया जा सकता है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी समेत कई नेताओं ने सरोजिनी नायडू को श्रद्धांजलि दी है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “अपनी वाणी और अदम्य संकल्प से जन-जन में राष्ट्रीय चेतना का संचार करने वाली नारी सशक्तीकरण की प्रतीक, उत्तर प्रदेश की प्रथम महिला राज्यपाल, ‘भारत कोकिला’ सरोजिनी नायडू की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।”
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “उत्तर प्रदेश की प्रथम राज्यपाल, महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, विख्यात कवयित्री ‘भारत कोकिला’ सरोजिनी नायडू की पुण्यतिथि पर कोटि-कोटि नमन। भारतीय स्वाधीनता संग्राम में आपका योगदान अतुलनीय है। अपने विचारों, साहित्य और सामाजिक कार्यों के माध्यम से आपने राष्ट्रप्रेम की भावना को सशक्त किया।”
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पोस्ट किया, “उत्तर प्रदेश की प्रथम महिला राज्यपाल व ‘भारत कोकिला के नाम से प्रसिद्ध सरोजिनी नायडू की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।”
बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “देश की प्रथम महिला राज्यपाल, सुप्रसिद्ध कवयित्री, महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर वक्ता व ‘भारत कोकिला’ के नाम से विख्यात सरोजिनी नायडू की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में उनका अमूल्य योगदान, महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उनके अथक प्रयास और उनकी ओजस्वी कविताएं सदैव राष्ट्र को प्रेरित करती रहेंगी। उनका संपूर्ण जीवन साहस, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है।”
भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन ने पोस्ट किया, “महान सामाजिक कार्यकर्ता, कवयित्री और कुशल राजनीतिज्ञ, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर वक्ता व लेखिका, नारी शक्ति की प्रतीक, साहस व समर्पण की प्रतिमूर्ति और उत्तर प्रदेश की प्रथम महिला राज्यपाल तथा ‘भारत कोकिला’ के नाम से प्रसिद्ध सरोजिनी नायडू की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।”
वहीं, कांग्रेस पार्टी ने भी सरोजिनी नायडू की पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “सरोजिनी नायडू को उनकी पुण्यतिथि पर याद करते हुए। भारत की कोकिला, स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने साहस, कविता और न्याय, समानता और भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के प्रति अटूट समर्पण से पीढ़ियों को प्रेरित किया।”
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


