नई दिल्ली, 18 फरवरी (khabarwala24)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेताओं ने संत और आध्यात्मिक गुरु रामकृष्ण परमहंस की जयंती के अवसर पर उन्हें याद किया है। अमित शाह ने कहा कि परमहंस के उच्च आदर्श और दूरदर्शी विचार हर आयु-वर्ग के लोगों के लिए सदैव प्रेरणीय रहेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महान संत रामकृष्ण परमहंस की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए लिखा, “अध्यात्म और सत्यनिष्ठ जीवन के माध्यम से विश्वबंधुत्व का संदेश देने वाले रामकृष्ण परमहंस जी ने सम्पूर्ण मानव जाति को एक नई दिशा दी। उनके उच्च आदर्श और दूरदर्शी विचार हर आयु-वर्ग के लोगों के लिए सदैव प्रेरणीय रहेंगे।”
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “आध्यात्मिक चेतना और भक्ति के महान प्रेरणास्रोत रामकृष्ण परमहंस जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन। उनका समर्पित जीवन हमें यह सिखाता है कि सच्ची भक्ति, सरलता और ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास ही आत्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने मानवता, प्रेम और सार्वभौमिक आध्यात्मिक एकता का जो संदेश दिया, वह युगों-युगों तक समाज का पथ-प्रदर्शन करता रहेगा।”
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने स्वामी रामकृष्ण परमहंस को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “साधना, सत्य और सेवा को जीवन का ध्येय बनाकर रामकृष्ण परमहंस जी ने शास्त्रों के गूढ़ रहस्यों को सहज भाषा में जनमानस तक पहुंचाया। आध्यात्मिकता और आदर्श नीति से परिपूर्ण मानव कल्याण की उनकी शिक्षा और विचार हम सभी के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगी।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मां काली के अनन्य उपासक, भारत की सनातन आध्यात्मिक चेतना के प्रकाशस्तंभ, मानवता को करुणा व समरसता का संदेश देने वाले महान संत रामकृष्ण परमहंस की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन। सीएम योगी ने ‘एक्स’ पोस्ट में आगे कहा, “‘स्वामी जी’ की अमृतमयी शिक्षाएं तथा उनका साधनामय जीवन युगों-युगों तक मानव समाज को सदाचार, सद्भाव और लोक-कल्याण के पथ पर चलने हेतु प्रेरित करते रहेंगे।”
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


